चाय-पकौड़ी वाले बयान पर गरमाई दिशा बैठक, सहारनपुर में सपा विधायक और कांग्रेस सांसद आमने-सामने

Updated:
विज्ञापन

सपा विधायक और कांग्रेस सांसद आमने-सामने

UP Politics: सहारनपुर में विकास भवन में आयोजित दिशा बैठक के दौरान सपा विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क और अधूरे नाले के मुद्दे पर तीखी नोकझोंक हुई. 'चाय-पकौड़ी' वाले बयान पर सांसद के पलटवार से माहौल और गरमा गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

UP Politics: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मंगलवार शाम विकास भवन के सभागार में आयोजित दिशा की बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच तीखी बहस हो गई. बैठक में बेहड़ा संदल गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क और अधूरे नाले का मुद्दा विधायक ने उठाया. विधायक का आरोप था कि सड़क निर्माण के दौरान नाला अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे कब्रिस्तान और खेतों में पानी पहुंच रहा है. उन्होंने अधिकारियों से इस समस्या का समाधान कराने की मांग की.

अधिकारी के जवाब से नाराज हुए विधायक

संबंधित अधिकारी ने बैठक में बताया कि नाले का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नहीं आता. इस जवाब पर विधायक आशु मलिक असंतुष्ट नजर आए. उन्होंने कहा कि यह समस्या पिछली बैठक में भी उठाई गई थी, लेकिन उस समय भी उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई. इसी मुद्दे पर सवाल-जवाब के दौरान सांसद और विधायक के बीच बहस शुरू हो गई. बैठक में मौजूद जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक तल्खी साफ दिखाई दी.

‘चाय-पकौड़ी’ वाले बयान पर सांसद ने किया पलटवार

बहस के दौरान सांसद इमरान मसूद ने विधायक से बैठक के नियमों के तहत अपनी बात रखने को कहा. इस पर आशु मलिक ने कहा कि वह जनता के मुद्दे उठाने के लिए बैठक में आए हैं, चाय-पकौड़ी खाने नहीं आए. विधायक के इस बयान पर सांसद ने पलटकर पूछा कि चाय-पकौड़ी कौन खिला रहा है. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच नोकझोंक और बढ़ गई. सांसद ने अधिकारियों पर गलत जानकारी देने के आरोप पर भी आपत्ति जताई और बैठक को नियमों के अनुसार चलने की बात कही.

सांसद ने एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा

मामला बढ़ता देख सांसद इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि विधायक द्वारा उठाए गए सड़क और नाले के मुद्दे पर पूरी जानकारी बिंदुवार उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए. इसके बाद बैठक को आगे बढ़ाया गया. अधिकारियों से विकास कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी ली गई. हालांकि बैठक में हुई यह बहस अब राजनीतिक चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सांसद और विधायक के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. वीडियो में दोनों नेताओं के बीच सड़क और अधूरे नाले के मुद्दे पर तीखी बातचीत दिखाई और सुनाई दे रही है. ‘चाय-पकौड़ी’ वाली टिप्पणी के बाद सांसद के जवाब ने इस घटनाक्रम को और ज्यादा चर्चा में ला दिया. सहारनपुर के राजनीतिक गलियारों में भी दोनों नेताओं के बीच हुई इस बहस को लेकर चर्चाएं तेज हैं.

यह भी देखें: खुद को आग लगाने को मजबूर हुआ किसान, दरोगा बनाता रहा वीडियो, तमाशबीन बने रहे अफसर, रिश्वत के आरोप से मचा हड़कंप


विज्ञापन
नटवर कुमार

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola