बरेली में नगर निगम का 'बुलडोजर एक्शन' रेडी! सरकारी जमीनों पर कब्जे करने वालों को नोटिस, बिजली पोल भी होंगे शिफ्ट
सरकारी जमीनों पर कब्जे करने वालों को नोटिस
UP News: बरेली नगर निगम ने सरकारी संपत्तियों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. सड़क, नाले और निगम की जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे. किला नदी का होगा एरियल सर्वे भी कराया जाएगा.
UP News: बरेली में सड़क, नाले और नगर निगम की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अलग-अलग क्षेत्रों में कब्जे चिह्नित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए.
सड़कों और नालों से हटेंगे कब्जे
मंगलवार देर शाम संपत्ति एवं अतिक्रमण विभाग की बैठक में सीएम ग्रिड फेस-3 और फेस-4 समेत शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की गई. एकता नगर बीडीए कॉलोनी में गली निर्माण की समीक्षा के दौरान सामने आया कि बीडीए अभिलेखों में सड़क की चौड़ाई नौ मीटर है, लेकिन भवन स्वामियों के अतिक्रमण के कारण मौके पर सड़क केवल चार से पांच मीटर रह गई है. नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कब्जेदारों को नोटिस जारी कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए. वार्ड-44 और वार्ड-67 में नालों पर हुए कब्जे भी चिह्नित कर हटाने को कहा गया है.
किला नदी का होगा एरियल सर्वे
नगर निगम ने किला नदी क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति जानने के लिए एरियल सर्वे कराने का निर्णय लिया है. तहसील की टीम के साथ समन्वय कर कब्जों को चिह्नित करने और उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. मठ कमल नैयनपुर में नाला निर्माण में बाधा बन रहे अवरोधों को हटाने के लिए भी नोटिस जारी करने को कहा गया है. वहीं, कुछ पार्कों में अतिक्रमण और पार्किंग की शिकायतों को देखते हुए संबंधित पार्कों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
निगम की जमीन की होगी पैमाइश
वार्ड-56 कुंवरपुर में नगर निगम की संपत्ति पर कब्जे की शिकायत के बाद तहसील की टीम के साथ जमीन की पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए. मौके पर कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री पोल उखाड़ने की बात भी सामने आई, जिस पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. ईंट पजाया चौराहे पर निगम की करीब 1000 वर्ग गज जमीन पर टीन शेड डालकर किए गए कब्जे को भी चिह्नित कर तत्काल हटाने को कहा गया. संजयनगर में श्मशान भूमि के बराबर निगम की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर पैमाइश के बाद भूमि सुरक्षित कराने के निर्देश दिए गए.
सड़क के बीच से हटेंगे बिजली के पोल
मुंशी नगर में नहर किनारे के मार्ग के बीच लगे बिजली के पोलों को विद्युत विभाग से समन्वय कर सड़क किनारे शिफ्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा नैनीताल रोड पर जीआरएम स्कूल के बराबर अंदर जाने वाले मार्ग पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित कर नोटिस जारी करने को कहा गया है. नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि नगर निगम की संपत्तियों से कब्जे हटाने और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा. संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
Must Read- मायावती का 2007 वाला 'सोशल इंजीनियरिंग' दांव, सतीश चंद्र मिश्र को सौंपी चुनाव आयोग से जुड़ी कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








