सीएम योगी बोले- रावण और कंस की तरह होगा सनातन को कोसने वालों का अंजाम, महाकालेश्वर मंदिर में किया रुद्राभिषेक
Published by : Sanjay Singh Updated At : 14 Sep 2023 7:49 AM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म को लेकर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जो कभी राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, कभी कृष्ण के अस्तित्व को नकारते थे. ये वही हैं, जिन्होंने भारत को हर काल खंड में अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. सनातन धर्म न कभी डिगा है, न डिगेगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य प्रदेश के दौरे के दौरान उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए. उन्होंने विधि विधान से भगवान शंकर का रुद्राभिषेक किया. महाकालेश्वर की पूजा के बाद भर्तृहरि की गुफा पहुंचकर दर्शन किए

मुख्यमंत्री ने महाकालेश्वर मंदिर में करीब 35 मिनट तक पूजा की. उन्होंने गाय के दूध, घी, दही, शहद, शक्कर, फल के रस से महाकाल का अभिषेक किया. इसके साथ ही रुद्राक्ष की माला, बिल्व पत्र, मखाने की माला, केसर, चंदन, इत्र अर्पित कर पंचामृत पूजन किया.

मुख्यमंत्री ने महाकाल की आराधना करते हुए कहा कि कालात्पराय कालाय स्वेच्छया पुरुषाय च। गुणत्रयस्वरूपाय नमः प्रकृतिरूपिणे यानी जो काल से परे, कालस्वरूप, स्वेच्छा से पुरुषरूप धारण करने वाले, त्रिगुणस्वरूप तथा प्रकृतिरूप हैं, उन भगवान शंकर को नमस्कार है.

महाकाल की शरण में पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ पूरी तरह से भाव विभोर नजर आए. उन्होंने बाबा महाकाल का विधि-विधान के साथ अभिषेक एवं पूजन करने के दौरान प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन और उत्तर प्रदेश की समृद्धि के लिए कामना की.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सब का जीवन कालचक्र से बंधा हुआ है. यहां आने पर महाकाल के दर्शन करना जरूरी हो जाता है. वहीं मध्य प्रदेश के दौरे के दौरान उन्होंने सनातन पर निशान साधने वालों पर हमला बोला.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने जी-20 में कहा मुझे गर्व है मैं हिंदू हूं. यही सनातन के संस्कार हैं. उन्हें जय श्री राम कहने में, गौ माता की पूजा करने में गर्व महसूस होता है.

सीएम योगी ने कहा कि दूसरी और कई लोग भारत में ही ऐसे हैं जो सनातन को कोसते हैं. ऐसा सनातन से ही हो रहा है. भक्त प्रह्लाद के पिता हिरण्यकश्यप ने भी कहा था कि ईश्वर नहीं हैं. सभी को याद है उनका क्या हश्र हुआ.

मुख्यमंत्री ने कहा कि रावण और कंस ने भी यही गलती की. जो इन राक्षसों के साथ हुआ वही सनातन को कोसने वालों के साथ भी होगा. भारत का राष्ट्रीय धर्म सनातन धर्म है और अब यह बात सभी को माननी होगी.

सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों की ओर से आज भारत और सनातन धर्म पर प्रश्न उठाए जाते हैं. यह वही लोग हैं जो कभी राम के अस्तित्व पर भी प्रश्न उठाया करते थे, श्री कृष्ण के अस्तित्व पर भी सवाल उठाया करते थे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और भारतीयता को हर कालखंड में अपमानित करने से इस तरह के लोगों ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी. रावण और कंस के अहंकार से जो सनातन नहीं मिटा था. वो बाबर और औरंगजेब की तलवार से यह सत्ता जीवी सनातन को क्या मिटा पाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sanjay Singh
working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










