मोदी बुजुर्ग हो गये हैं, उत्तर प्रदेश में बनेगी युवाओं की सरकार : राहुल गांधी

Published at :06 Mar 2017 4:39 PM (IST)
विज्ञापन
मोदी बुजुर्ग हो गये हैं, उत्तर प्रदेश में बनेगी युवाओं की सरकार : राहुल गांधी

जौनपुर (उप्र) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी बुजुर्ग हो गये हैं इसलिए उत्तर प्रदेश में युवाओं की सरकार बनेगी और ये सरकार राज्य को ‘दुनिया की फैक्टरी’ बना देगी. राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘दुनिया की फैक्टरी’ बनाएंगे और यहां […]

विज्ञापन

जौनपुर (उप्र) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी बुजुर्ग हो गये हैं इसलिए उत्तर प्रदेश में युवाओं की सरकार बनेगी और ये सरकार राज्य को ‘दुनिया की फैक्टरी’ बना देगी. राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘दुनिया की फैक्टरी’ बनाएंगे और यहां के उत्पाद दुनिया भर में मिलेंगे, जिन पर ‘मेड इन उत्तर प्रदेश’ लिखा होगा.

राहुल ने यहां एक चुनावी सभा में वोटरों से कहा, ‘‘हम आपके खून पसीने का फल आपको दिलाना चाहते हैं जबकि मोदी जी की बात करें तो आप काम करते हो लेकिन पूरा का पूरा फायदा मोदी जी 50 अमीर परिवारों को दे देते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अखिलेश से कहा कि मोदी जी की आयु हो गयी है. वह बुजुर्ग हो गये हैं. मोदी जी की अच्छे दिन वाली पिक्चर फ्लाप हो गयी है, अब देखने को नहीं मिलेगी. उत्तर प्रदेश में हम युवाओं की सरकार लाएंगे.’

राहुल यहीं नहीं रुके, मोदी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को रिटायर कर दिया और कहा कि उनके लिए सरकार में कोई काम नहीं है. पूरा का पूरा काम मोदी जी कर रहे हैं. ‘‘मोदी जी सब कुछ स्वयं करते हैं. इसरो ने राकेट भेजा, मोदी जी कहते हैं मैंने भेजा. अमेरिका जाकर ओबामा से गले मिलते हैं. सुषमा स्वराज जी से कहते हैं तुम बैठो यहां , मैं जा रहा हूं अमेरिका.’

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी की थोड़ी आयु हो गयी है. थकान तो हो गयी होगी. ‘‘मैंने अखिलेश से कहा कि मोदी जी की थोड़ी मदद करते हैं. उन्हें थोड़ा समय देते हैं … शांति का समय देते हैं. तुम (अखिलेश) मुख्यमंत्री बनो, इनको (मोदी) थोड़ा रेस्ट (आराम) मिल जाएगा.

उन्होंने कहा कि बनारस में मोदी जी की पिक्चर का बार बार ‘रीटेक’ हो रहा है. चार दिन में मोदी जी ने चार बार ‘रीटेक’ लिया मगर बात नहीं बन रही है. ‘‘दो दिन पहले रोडशो हुआ, उससे बात नहीं बनी, फिर कल रोडशो हुआ, उससे भी बात नहीं बनी. आज सुन रहे हैं मोदी जी पैदल जा रहे हैं.’ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने अखिलेश से मुख्यमंत्री बनने के बाद युवाओं से पांच वायदे करने को कहा और कहा कि वायदे ऐसे होने चाहिए कि उत्तर प्रदेश के युवाओं की जिन्दगी बदल जाए.

वायदे गिनाते हुए राहुल ने कहा कि प्रदेश का हर युवा रोजगार चाहता है. सरकार में, बैंक में जाना चाहता है. वह आईआईटी, आईआईएम में जाना चाहता है लेकिन इसके लिए परीक्षा होती है और प्रशिक्षण भी. ‘‘मैंने अखिलेश से कहा कि प्रदेश के हर जिले और शहर में एक हाई क्वालिटी (उच्च गुणवत्ता) कोचिंग सेंटर खोल दिया जाए जहां युवाओं को उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क करायी जाए.’ उन्होंने कहा कि अखिलेश से यह बात भी हुई कि उत्तर प्रदेश को ‘‘दुनिया की फैक्टरी’ बना देंगे.

पांच साल बाद अगर राज्य का किसान अमेरिका जाए और वहां से अपने बेटे को फोन लगाकर हाल चाल पूछे और उसके बाद कहे कि मोबाइल फोन पर पहले मेड इन चाइना लिखा होता था लेकिन अब उस पर ‘मेड इन उत्तर प्रदेश’ लिखा हुआ है. जिस दुकान में जाता हूं, वहां की दुकानों में सारा माल उत्तर प्रदेश का है.

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जब ओबामा जी की पत्नी अमेरिका में अपनी रसोई में कुछ पकायें, पतीलों को देखकर कहें कि सुंदर पतीला है और पतीले पे लिखा हो मेड इन जौनपुर.’ राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि जो कुछ करना है, वही करेंगे लेकिन उत्तर प्रदेश के युवाओं में इतनी शक्ति है कि वे पूरी दुनिया को हिला सकते हैं.

मोदी की ‘गंगा मां ने बुलाया है’ टिप्पणी पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा, ‘‘मोदी जी कहते हैं कि मित्रों गंगा मां ने अपने बेटे को बुलाया है …. मोदी जी क्या पूरे हिन्दुस्तान में गंगा मां का एक ही बेटा है … मोदी जी डरे हुए हैं इसलिए तीन दिन से वाराणसी में डेरा डाले हुए हैं.’

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola