ePaper

सपा-बसपा ने किया यूपी को बर्बाद : अमित शाह

Updated at : 26 Feb 2017 3:42 PM (IST)
विज्ञापन
सपा-बसपा ने किया यूपी को बर्बाद : अमित शाह

महाराजगंज (उप्र) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा और बसपा पर उत्तर प्रदेश को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि विधानसभा के इस बार के चुनाव परिणाम जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण करने वाली सरकार का खात्मा कर देंगे. शाह ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ‘‘उत्तर […]

विज्ञापन

महाराजगंज (उप्र) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा और बसपा पर उत्तर प्रदेश को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि विधानसभा के इस बार के चुनाव परिणाम जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण करने वाली सरकार का खात्मा कर देंगे.

शाह ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और यूपी के अच्छे दिन शुरु हो जाएंगे. इस बार परिणाम आते ही यूपी में जातिवाद फैलाने वाली सरकार समाप्त होगी. परिवार का शासन चलाने वाली सरकार खत्म होगी. तुष्टिकरण करने वाली सरकार समाप्त हो जाएगी.
उत्तर प्रदेश में सबका साथ सबका विकास मानने वाली भाजपा की सरकार आएगी.” उन्होंने वोटरों से कहा, ‘‘आपने सपा और बसपा को मौका दिया. कांग्रेस को मौका दिया. अब एक मौका मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) को दे दीजिए. उत्तर प्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण समाप्त कर देंगे.” भाजपा सरकार बनने पर राज्य के ‘कत्लखाने’ बंद करने का ऐलान करते हुए शाह ने कहा कि वह प्रदेश में खून की नहीं बल्कि दूध और घी की नदियां बहाना चाहते हैं.
शाह ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जिस दिन भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, रात बारह बजे के पहले राज्य के सारे कत्लखाने बंद कर दिये जाएंगे. अब तक प्रदेश में गाय, भैंस और बैल के खून की नदियां बहायी गयीं. हम भी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में नदियां बहें लेकिन खून की नहीं बलिक दूध और घी की नदियां.
उल्लेखनीय है कि भाजपा के 2017 के उत्तर प्रदेश चुनाव घोषणापत्र में भी कहा गया कि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश में पशु धन की संख्या में गिरावट आयी है. इसमें उल्लेख है कि सभी अवैध कत्लखानों को पूरी कठोरता से बंद किया जाएगा और सभी यांत्रिक कत्लखानों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा.शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में चारों ओर भाजपा की आंधी दिखायी दे रही है.
आने वाले चुनाव की समाप्ति के बाद दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है.उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल से सपा और बसपा के शासन ने प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया है. ना तो गांवों में 24 घंटे बिजली आती है, न ही महिलाएं सुरक्षित हैं, ना युवाओं को रोजगार है और ना ही व्यापारी सलामत हैं.
शाह ने कहा कि दवाइयां सस्ती नहीं हैं, किसानों के धान की खरीद नहीं हुई, गन्ना किसानों को उनका बकाया धन नहीं मिला. ‘‘लेकिन अखिलेश (मुख्यमंत्री) अखिलेश यादव: कहते हैं कि काम बोलता है.” साथ ही अखिलेश पर तंज कसा, ‘‘पूरे उत्तर प्रदेश को उन्होंने (अखिलेश) हत्या के मामले में नंबर वन बना दिया. बलात्कार में नंबर वन बनाया.
चोरी, लूट, डकैती, फिरौती और अपहरण के मामले में ….. सब मामलों में उत्तर प्रदेश को नंबर वन बनाने का काम सपा की सरकार ने किया है. उनको (अखिलेश) लगता है कि यही काम है इसलिए कहते हैं काम बोलता है.” सपा-कांग्रेस गठजोड पर हमलावर होते हुए शाह ने कहा कि अब दूसरा (राहुल) भी आ मिला है. ‘‘दो शहजादे मिले हैं. कैसे हैं दोनों शहजादे …. एक से उसकी मां परेशान है तो दूसरे से बाप और दोनों से उत्तर प्रदेश परेशान है. ये लोग प्रदेश का भला नहीं चाहते .”
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola