कानपुर में स्टंटबाजी बनी काल, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुझा घर का चिराग, युवा इंजीनियर की मौत
स्टंटबाजी बनी इंजीनियर की मौत
UP News: कानपुर में एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवा इंजीनियर मोहित की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा रामा कॉलेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर ओवरटेक के दौरान हुआ. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
UP News: बिठूर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 26 वर्षीय इंजीनियर मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह की मौत हो गई. मोहित अपने दोस्त अभिनय के साथ शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे. रामा कॉलेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर ओवरटेक के दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में मोहित और उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान मोहित ने दम तोड़ दिया, जबकि अभिनय की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया.
ओवरटेक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
स्वजन के मुताबिक, पनकी के अहिल्याबाइ होल्कर नगर निवासी हरपाल सिंह सेंगर के 26 वर्षीय इकलौते बेटे मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह सोमवार तड़के अपने साथी अभिनय के साथ बाइक से शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर दर्शन करने गए थे. दर्शन के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे. रामा कॉलेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर पीछे से आ रहे बाइक सवार ने ओवरटेक करने के प्रयास में मोहित की बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मोहित करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए डिवाइडर से जा टकराए. हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजन को जानकारी दी. मोहित और उनके दोस्त अभिनय को इलाज के लिए रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिनय का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है.
बीटेक के बाद पैथोलॉजी उपकरणों का करते थे ऑडिट
मोहित ने बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और पैथोलॉजी उपकरणों की ऑडिट का काम करते थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. परिवार में उनकी मां श्यामा और दो बहनें मधु व खुशबू हैं. बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवार की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










