बलिया में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की तेरही में पहुंचे भोजपुरी के दिग्गज, पवन सिंह और रवि किशन ने दी श्रद्धांजलि
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देेने पहुंचे भोजपुरी कलाकार पवन सिंह और रवि किशन
UP News: रसड़ा के दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की तेरही पर खनवर गांव में आस्था और प्रेम का सैलाब उमड़ पड़ा. भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह और रवि किशन ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की.
UP News: रसड़ा के दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की तेरही बुधवार को उनके पैतृक गांव खनवर में श्रद्धांजलि और जनसैलाब के बीच चल रही है. सुबह से ही खनवर स्थित पैतृक आवास पर आम लोगों के साथ राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. इसी क्रम में भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े नाम पवन सिंह और रवि किशन भी उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने खनवर पहुंचे. पवन सिंह के खनवर पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. पोस्ट में उन्हें उमाशंकर सिंह के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देते हुए बताया गया है. उनके पहुंचने की खबर के बाद वहां मौजूद लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया. भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार के तौर पर पहचान रखने वाले पवन सिंह का बलिया और पूर्वांचल से गहरा जुड़ाव रहा है. वहीं अभिनेता और गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी भोजपुरी सिनेमा के बड़े चेहरों में शामिल हैं. दोनों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जून 2026 में बलिया के एक कार्यक्रम में दोनों के पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे.
राजनीतिक मंच से अलग दिखा कलाकारों का सम्मान
उमाशंकर सिंह की तेरही में पवन सिंह और रवि किशन का पहुंचना इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उमाशंकर सिंह का संबंध सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं था. रसड़ा और आसपास के इलाके में उनकी सामाजिक पहचान भी मजबूत रही. यही वजह है कि उनके निधन के बाद अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोग लगातार खनवर पहुंच रहे हैं. पवन सिंह और रवि किशन की मौजूदगी ने श्रद्धांजलि सभा को और खास बना दिया. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में दोनों कलाकारों के पहुंचने की जानकारी तेजी से साझा की जा रही है.
खनवर में लगातार पहुंच रहे लोग
उमाशंकर सिंह की तेरही को लेकर खनवर में बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं. आयोजन में आने वाले लोगों के लिए बड़े पैमाने पर सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई है. इससे पहले भी तेरही में करीब दो लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जानकारी सामने आई थी. उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनके अंतिम दर्शन से लेकर अंतिम यात्रा तक जिस तरह लोगों की भीड़ उमड़ी, उसी की झलक अब तेरही में भी दिखाई दे रही है. उनके पैतृक आवास पर सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों की कतार लगी है.
भोजपुरी सितारों से लेकर राजनीति के दिग्गजों तक
उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक जगत के साथ-साथ सामाजिक और फिल्मी दुनिया से जुड़े लोगों की मौजूदगी लगातार चर्चा में है. इससे पहले उनके अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई प्रमुख नेता पहुंचे थे. अब तेरही में भोजपुरी के लोकप्रिय कलाकारों पवन सिंह और रवि किशन के पहुंचने से खनवर एक बार फिर चर्चा में है.
उमाशंकर सिंह की तेरही आज सिर्फ एक श्रद्धांजलि सभा नहीं रह गई है. खनवर में उमड़ रही भीड़ और अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंच रही हस्तियां इस बात की गवाही दे रही हैं कि रसड़ा के इस नेता की पहचान राजनीतिक सीमाओं से कहीं आगे तक बनी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By तिलक कुमार
तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








