पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया और 45 दिन तक उसी जगह नहाती रही पत्नी, पुलिस जल्द दाखिल करेगी चार्जशीट
45 दिन बाद बाथरूम से मिला शव
आगरा में एक पत्नी ने अपने ही पति की निर्मम हत्या कर दी और उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया. चौंकाने वाली बात यह है कि उसने शव के ऊपर 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल किया. पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है और मामले की जांच जारी है.
UP Crime News : उत्तर प्रदेश के आगरा से पति की हत्या और शव को घर के बाथरूम में दफनाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सिकंदरा थाना क्षेत्र के रेणुका धाम में सुरेंद्र शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी शर्मा के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद रूबी ने शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया और ऊपर से फर्श पक्का करा दिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वह कई दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही.
खीर में मिलाकर दी नींद की गोलियां
पुलिस की जांच के अनुसार, 18 मई को रूबी ने पति सुरेंद्र को खीर में नींद की 20 से अधिक गोलियां मिलाकर खिला दीं. इसके बाद सुरेंद्र की मौत हो गई. हालांकि, पूछताछ के दौरान रूबी ने पुलिस को अलग-अलग कहानियां बताईं. कभी उसने नींद की गोलियां देने की बात कही तो कभी दावा किया कि पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. पति की मौत के बाद उसने शव को घर के बाथरूम में दफना दिया. इसके बाद मिस्त्री बुलाकर फर्श को दोबारा पक्का करा दिया, जिससे किसी को शक न हो.
45 दिन तक शव के ऊपर नहाती रही
पुलिस जांच में सामने आया कि सुरेंद्र के शव को बाथरूम में दफनाने के बाद भी रूबी उसी बाथरूम का रोज इस्तेमाल करती थी. वह शव के ऊपर ही नहाती रही. पड़ोसी जब सुरेंद्र के बारे में पूछते थे तो वह परेशान होने का नाटक करती और रोने लगती थी. पुलिस को शक है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने में रूबी के अलावा कोई और भी शामिल हो सकता है. जांच अधिकारियों का मानना है कि इतने बड़े शव को अकेले बाथरूम में दफनाना आसान नहीं था.
18 मई से लापता थे सुरेंद्र
सुरेंद्र शर्मा 18 मई से लापता थे. 26 मई को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. परिवार और रिश्तेदारों ने काफी तलाश की, लेकिन सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला. बाद में उनके बड़े भाई अनिल शर्मा ने पुलिस को भाई की हत्या की आशंका के बारे में बताया. पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो शक रूबी पर गहराता गया. इसके बाद बाथरूम का फर्श खुदवाया गया. फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हुआ.
कड़े और रुद्राक्ष की माला से हुई पहचान
बाथरूम से बरामद कंकाल के साथ पुलिस को कुछ सामान भी मिला. हाथ में कड़ा और गले में रुद्राक्ष की माला थी. परिजनों ने इन चीजों को देखकर कंकाल के सुरेंद्र का होने का दावा किया. हालांकि, पुलिस ने पहचान को वैज्ञानिक तरीके से पुख्ता करने के लिए डीएनए जांच कराने का फैसला किया है. कोर्ट से इसकी अनुमति भी मिल चुकी है. मृतक के डीएनए का उसकी मां के डीएनए से मिलान कराया जाएगा.
बेटियों ने मां के खिलाफ दिए बयान
मामले में सुरेंद्र की नाबालिग बेटियों के बयान भी पुलिस के लिए अहम माने जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, बेटियों ने अपनी मां के खिलाफ बयान दिए हैं. बेटियों ने बताया कि 18 मई की सुबह रूबी ने अपने जेठ अनिल को फोन किया था. इसके बाद उन्हें और उनकी दादी को घर के बाहर बैठा दिया गया और बाहर से ताला लगा दिया गया. उस समय उनके पिता घर के अंदर बेड पर पड़े थे. बाद में दोनों बच्चियों को उनके ताऊ के साथ भेज दिया गया. कुछ दिनों बाद रूबी भी ताऊ के घर पहुंची. जब परिवार वापस घर आया तो बाथरूम का फर्श पहले की तुलना में ऊंचा दिखाई दिया.
पेंशन की रकम को लेकर भी था विवाद
पुलिस जांच में परिवार के बीच पैसों को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है. सुरेंद्र की मां को उनके पति की पेंशन के रूप में करीब 32 हजार रुपये मिलते थे. पुलिस के मुताबिक, रूबी डेबिट कार्ड और पासबुक अपने पास रखती थी. वह पेंशन की रकम में से अपने जेठ अनिल को करीब 10 हजार रुपये देती थी. लेकिन जून में उसने अनिल को पेंशन की रकम नहीं दी. पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा मान रही है.
24 साल पहले आगरा आया था परिवार
पुलिस के अनुसार, परिवार मूल रूप से भरतपुर के रंजीत नगर का रहने वाला था. सुरेंद्र के पिता राधेश्याम शर्मा इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे. करीब 24 साल पहले सेवानिवृत्ति के बाद परिवार आगरा आ गया था और सिकंदरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहने लगा. राधेश्याम शर्मा की करीब 14 साल पहले मौत हो गई थी. सुरेंद्र उनके छोटे बेटे थे. उनके बड़े भाई अनिल ऑटो चलाते हैं. सुरेंद्र की शादी करीब 16 साल पहले रूबी से हुई थी. दोनों की दो बेटियां थीं.
पुलिस जल्द दाखिल करेगी चार्जशीट
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के मुताबिक, मृतक की पहचान के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. मामले में परिवार के सदस्यों के बयान, फोरेंसिक साक्ष्य और मौके से बरामद सामान को अहम सबूत माना गया है. आरोपी रूबी शर्मा फिलहाल जेल में है. पुलिस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है. चार्जशीट जल्द अदालत में दाखिल की जाएगी.
Also Read : UP में अब कुत्ता-बिल्ली पालने के लिए भी लेना होगा लाइसेंस, 15 दिन के अंदर देनी होगी जानकारी, जाने पूरा नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









