योग से नये व स्वस्थ ओडिशा के निर्माण में मिलेगी मदद : मोहन चरण माझी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 22 Jun 2024 12:40 AM
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में राज्य में 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस शुक्रवार को मनाया गया. मुख्यमंत्री ने कलिंगा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम की अगुवाई की.
भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में शुक्रवार को राज्य में 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया. ओडिशा में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली बार प्राचीन योग पद्धति के महत्व को रेखांकित करने के लिए शुक्रवार की सुबह पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर योग दिवस मनाया गया. कालिंगा मैदान में मुख्यमंत्री ने मुख्य कार्यक्रम की अगुवाई की. उन्होंने योगाभ्यास किया और छात्रों, अधिकारियों एवं अन्य लोगों की विशाल सभा को भी संबोधित किया. खेल और युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज और मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना ने भी कार्यक्रम में शिरकत की. माझी ने कहा कि पूरे राज्य में योग दिवस मनाया जा रहा है और सरकार ने उप मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को राज्य के विभिन्न स्थानों पर मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में भाग लेने के लिए भेजा है. उन्होंने कहा कि इसके अलावा सांसद, विधायक और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं. माझी ने कहा कि योग नयी सरकार को भी स्वस्थ और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने में सहायता करेगा. इससे नये व स्वस्थ ओडिशा के निर्माण में मदद मिलेगी. इस वर्ष योग के विषय ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ पर उन्होंने लोगों से अपील की कि वह योगाभ्यास को मात्र इसी दिन तक सीमित न रखें, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ्य रहने के लिए इसे अपनी दैनिक आदत बनायें. उप मुख्यमंत्री केवी सिंह देव ने भुवनेश्वर के नयापल्ली स्थित कस्तूरबा स्कूल के मैदान में योग कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि अन्य उप मुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कोणार्क में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
सुदर्शन पटनायक ने बालुका से योग के प्रति किया जागरूक
अंतरराष्ट्रीय बालुका कलाकार ने विश्व योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुरी समुद्र तट पर बालुका बनाकर लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए जागरूक किया. उन्होंने समुद्र तट पर बनायी अपनी बालुका के जरिये लोगों से योग करने का आह्वान किया.
राजभवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना
राजभवन में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया. राज्यपाल रघुवर दास के निर्देश पर अभिषेक हॉल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में राज्यपाल के निजी प्रशासनिक सचिव हिमांशु नारायण पटनायक, राज्यपाल के लेखा नियंत्रक गौतम चौधरी एवं राजभवन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए. योग शिविर का संचालन योग गुरु अजीत कुमार राणा एवं नीलिमा पाल ने किया. बताया गया कि योग शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का एक महत्वपूर्ण साधन है. स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्सव का विषय ‘स्वयं के लिए योग और समाज के लिए योग’ है, इसलिए कार्यक्रम में इसे और अधिक दूरगामी बनाने पर जोर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










