Rourkela News : उतरने से पहले ही चालक ने आगे बढ़ा दी बस, गिरने से यात्री की मौत

मृतक के परिजन. | Prabhat Khabar Network
राउरकेला के बिरमित्रपुर में बस चालक की लापरवाही से एक यात्री की मौत हो गई। बस से उतरते समय ड्राइवर ने गाड़ी बढ़ा दी, जिससे यात्री की जान चली गई। पुलिस जांच में जुटी।
Rourkela News : बस चालक की लापरवाही ने शनिवार सुबह बिरमित्रपुर में एक यात्री की जान ले ली. घटना को लेकर शहरवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है. मृतक के परिजनों की शिकायत पर बिरमित्रपुर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है. मृतक की पहचान बिरमित्रपुर के बंडामुंडादफाई निवासी अनिल एक्का के रूप में हुई है.
सड़क पर यात्री को घायल छोड़कर आगे निकल गया बस चालक
जानकारी के मुताबिक, अनिल कलुंगा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आइडीसी ) इलाके की एक फैक्ट्री में काम करता था. नाइट शिफ्ट खत्म करने के बाद, शनिवार तड़के वह राउरकेला से झारखंड के बीच चलनेवाली एक बस में वेदव्यास से सवार हुआ. सुबह करीब 5:30 बजे जब बस बिरमित्रपुर बस स्टैंड पहुंची और अनिल उतर रहा था, तभी ड्राइवर ने अचानक बस आगे बढ़ा दी. इससे अनिल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना का पता चलने के बावजूद, बस ड्राइवर और कंडक्टर ने गाड़ी नहीं रोकी और बस को आगे बढ़ाकर चलते बने. घायल अनिल को किसी तरह की मदद पहुंचाए बिना उसे छोड़ दिया गया. अनिल को तत्काल चिकित्सा नहीं मिल पायी.
अस्पताल में चिकित्सक ने घोषित किया मृत
कुछ समय बाद आने-जाने वालों की नजर उसपर पड़ी, तो उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिवार की शिकायत पर बिरमित्रपुर पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना में शामिल बस की पहचान करने और इस जानलेवा हादसे की वजहों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










