प्रधानमंत्री से मिलीं उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त जारी होने की दी जानकारी

Updated:
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलतीं ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा.

ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने पीएम मोदी से मुलाकात की। सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त के तहत महिलाओं को मिलेंगे 5,000 रुपये। जानें पूरी जानकारी।

विज्ञापन

राउरकेला : ओडिशा की उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परिडा ने बुधवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. यह मुलाकात सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त जारी होने से पहले हुई.

विज्ञापन

लाभार्थियों को कल मिलेगी सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त

इस अवसर पर बैठक के दौरान परिडा ने प्रधानमंत्री को सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त के वितरण की तैयारियों से अवगत कराया, जिसे 28 अगस्त, 2026 को राखी पूर्णिमा के अवसर पर ओडिशा के नयागढ़ से जारी किया जाना है. पांचवीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 5,000 रुपये दिये जायेंगे. नवीनतम तैयारियों के अनुसार, 1,03,26,162 पात्र महिला लाभार्थियों को यह किस्त प्राप्त होगी, जिसके तहत कुल 5,160 करोड़ रुपये से अधिक का हस्तांतरण किया जायेगा.

महिला सशक्तीकरण में योजना के महत्व के बारे में बताया

परिडा ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा सभी पात्र लाभार्थियों तक सहायता राशि का सुचारू और समय पर हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए उठाये जा रहे कदमों से अवगत कराया. लाभार्थियों के सत्यापन, ई-केवाइसी, आधार से जुड़े बैंक खातों, एनपीसीआइ मैपिंग और अन्य बैंकिंग व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि वित्तीय सहायता लाभार्थियों तक बिना किसी देरी के पहुंच सके. उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को ओडिशा भर में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और वित्तीय समावेशन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में पांचवीं किस्त के महत्व के बारे में भी जानकारी दी.

17 सितंबर 2024 को पीएम ने भुवनेश्वर में की थी योजना की शुरुआत

यहां उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर, 2024 को भुवनेश्वर में सुभद्रा योजना का शुभारंभ किया. ओडिशा सरकार की यह प्रमुख महिला-केंद्रित योजना पात्र महिलाओं को पांच वर्षों की अवधि में 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने का लक्ष्य रखती है, जिसमें 10,000 रुपये की राशि प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की दो समान किस्तों में डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola