Rourkela News: चोरी का 32,090 किलोग्राम लौह अयस्क लदा ट्रक जब्त, चार गिरफ्तार
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 03 Jun 2026 11:12 PM
Rourkela News: रघुनाथपाली पुलिस ने बालूघाट पार्किंग एरिया के पास की छापेमारी कर चोरी का लौह अयस्क लदा ट्रक जब्त किया है.
Rourkela News: रघुनाथपाली पुलिस ने चोरी के 32,090 किलोग्राम लौह अयस्क के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एक ट्रक भी जब्त किया है. सभी आरोपियों को काेर्ट चालान करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
जोड़ा के बांसपानी से कलुंगा लाया जा रहा था लौह अयस्क
जानकारी के अनुसार, एक जून को रघुनाथपाली के एसआइ सूरज कंसारली अपने स्टाफ के साथ बी-शिफ्ट गश्त पर थे. इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि एक ट्रक में चोरी का लौह अयस्क ले जाया जा रहा है. पुलिस ने बालूघाट पार्किंग के सामने वाहन को रोका. जांच में ट्रक में 32,090 किलो चोरी का लौह अयस्क लदा मिला. ट्रक चालक रोशन यादव ने पूछताछ में कबूल किया कि वह बांसपानी, जोड़ा से लौह अयस्क लाकर कलुंगा क्षेत्र में बेचने जा रहा था. इसमें वार्ड संख्या 4, रामनगर, थाना बड़बिल , जिला क्योंझर निवासी रोशन यादव (45), कलुंगा निवासी मोहम्मद तोसीफ (38), फरसाटोला टीसीआइ निवासी संदीप शर्मा (31) और कमारजोड़ा, थाना जोड़ा, जिला क्योंझर निवासी राजा पात्र (32) को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों को बुधवार को कोर्ट चालान किया गया. रघुनाथपाली थाना में हुई प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सुशांत दास ने इस बारे में विस्तृत जानकारी दी. बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास अभी सत्यापित किया जाना बाकी है.
रघुनाथपाली थाना पुलिस ने चलाया सघन जांच अभियान
रघुनाथपाली पुलिस ने बुधवार शाम अपने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया. चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गयी. एसडीपीओ सुशांत दास ने बताया कि शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर यह जांच अभियान चलाया जा रहा है. पिछले दिनों प्लांट साइट थाना क्षेत्र में जिस तरह से पुलिस ने एनडीपीएस से संबंधित एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया था, उसके बाद इसी तरह की अन्य गतिविधियों के बारे में यहां भी पता लगाया जा रहा है. जो भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल मिलेगा, उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस इस जांच अभियान में खोजी कुत्तों की भी मदद ले रही है तथा जहां कहीं संदेह हो रहा है, वहां जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










