Rourkela News: संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण तुरंत लागू करे सरकार : कांग्रेस

Published by :BIPIN KUMAR YADAV
Published at :26 Apr 2026 12:23 AM (IST)
विज्ञापन
Rourkela News: संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण तुरंत लागू करे सरकार : कांग्रेस

Rourkela News: ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सत्यजीत पटनायक ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा पर दुष्प्रचार का आरोप लगाया.

विज्ञापन

Rourkela News: राउरकेला जिला कांग्रेस की ओर से सेक्टर-21 स्थित कांग्रेस भवन में शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गयी. ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और पूर्व राज्य कांग्रेस युवा अध्यक्ष सत्यजीत पटनायक ने पत्रकारों को महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन पर कांग्रेस पार्टी का रुख बताया.

महिला आरक्षण को परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या में वृद्धि से जोड़ने का विरोध

पटनायक ने कहा कि हम भारत की संसद और विधानसभाओं की वर्तमान संख्या के अनुसार महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग करते हैं. महिला आरक्षण को परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या में वृद्धि से जोड़ने के प्रयासों का हम कड़ा विरोध करते हैं. इससे छोटे राज्यों को भारी नुकसान होगा और देश की संघीय व्यवस्था कमजोर होगी. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जानबूझकर इस प्रक्रिया में देरी कर रही है और अपने गुप्त राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल प्रचार के हथियार के रूप में कर रही है.

वास्तविक तथ्य रखने के लिए पार्टी करेगी विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस ने घोषणा की कि भाजपा के दुष्प्रचार को उजागर करने और जनता के सामने वास्तविक तथ्य रखने के लिए पार्टी की सभी महिला नेता जिला और राज्य स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी. साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा के दुष्प्रचार का मुकाबला किया जायेगा, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर वर्तमान संख्या के आधार पर महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने के लिए दबाव डाला जायेगा. पटनायक ने कहा कि भारत की महिलाओं तक सच्चाई पहुंचाने के लिए इस अभियान में हमारी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. कांग्रेस पार्टी महिला सशक्तीकरण, लैंगिक न्याय और लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्थाओं में महिलाओं को उनका उचित स्थान दिलाने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराती है. बैठक में जिला अध्यक्ष साबिर हुसैन, बीएन पटनायक, खदाल सेठी, रश्मी पाढ़ी, प्रबोध दास, कीर्तन दास, झुनु पटनायक, संतोष विश्वाल, प्रद्युम्न षाड़ंगी, शिव सूना, रंजीत प्रधान, एस त्रिपाठी, देबास्मिता सामल और सुनीता लकड़ा समेत कई नेता मौजूद थे.

भाजपा महिला मोर्चा ने नवीन व राहुल का पुतला फूंका

संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम गिर जाने के बाद कांग्रेस से लेकर बीजद पर भाजपा लगातार हमला कर रही है. शनिवार शाम उदितनगर परेड मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री व बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला जलाया गया. भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी उदितनगर सिंहासिनी मंदिर से रैली निकालकर उदितनगर खेल मैदान पहुंचीं. वहां पर हुई सभा में इस अधिनियम का विरोध करने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के रवैये को महिला विरोधी बताया गया. इसके बाद दोनों नेताओं का पुतला जलाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया गया.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola