Rourkela News: आरएसपी के सिंटर प्लांट में सुरक्षा जागरुकता पर नाटक का हुआ मंचन

Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट-1 में सुरक्षा जागरुकता नाटक का मंचन कर कर्मचारियों को जागरूक किया गया.
Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के सिंटर प्लांट-1 में ‘सुरक्षा का कानून’ शीर्षक पर एक सुरक्षा जागरुकता नाटक का मंचन किया गया. इसका उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार के महत्व को सुदृढ़ करना था.
सुरक्षा केवल प्राथमिकता नहीं, बल्कि जीवनशैली
मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (संकार्य) बीआर पलई ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) एसी सरकार, मुख्य महाप्रबंधक (अनुरक्षण) एसएस रॉयचौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्नि शमन) हीरालाल महापात्र सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. स्वागत भाषण में मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर) शेखर नारायण ने दैनिक कार्य संचालन में सुरक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षा केवल प्राथमिकता नहीं, बल्कि जीवनशैली है. संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन, महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (सिंटर प्लांट-1), शुभ्रांशु चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.
निरंतर सतर्कता, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर बल दिया
सुरक्षा नाटक में कार्यस्थल की वास्तविक परिस्थितियों का प्रभावी चित्रण करते हुए लापरवाही के दुष्परिणामों तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की आवश्यकता का सशक्त संदेश दिया गया. नाटक की प्रस्तुति अत्यंत रोचक रही तथा उपस्थित सभी लोगों ने इसकी सराहना की. सिंटर प्लांट-1 के सौम्यरंजन जेना, करण ओराम, घनश्याम गोंधा, अरुण केरकेट्टा, किसमती सिंह, सुजाता एक्का, शकुंतला भूमिज तथा विजय सोई ने नाटक में अभिनय करते हुए प्रशंसनीय प्रदर्शन किया. नाटक की पटकथा, परिकल्पना एवं निर्देशन सहायक महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट-1), प्रभात कुमार दाश द्वारा किया गया. सभा को संबोधित करते हुए बीआर पलई ने कलाकारों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना की तथा सुरक्षित कार्य वातावरण बनाये रखने के लिए निरंतर सतर्कता, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर बल दिया. इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) द्वारा कलाकारों को प्रतीक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट-1-विद्युत), संजय तलवार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




