ePaper

Bhubaneswar News: निर्वाचन आयोग भाजपा का एक विभाग बन गया है : केसी वेणुगोपाल

Updated at : 15 Sep 2025 11:29 PM (IST)
विज्ञापन
Bhubaneswar News: निर्वाचन आयोग भाजपा का एक विभाग बन गया है : केसी वेणुगोपाल

Bhubaneswar News: कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भुवनेश्वर में ओपीसीसी की राजनीतिक मामलों की बैठक को संबोधित किया.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग (इसीआइ) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक विभाग और वोट चोरी के लिए एक सर्वोपरि संस्था बन गया है. वेणुगोपाल ने रविवार को राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के सदस्यों और कांग्रेस की ओडिशा इकाई के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुखों के साथ बैठक करने के बाद मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत करते हुए ऐसा कहा. इस बैठक में संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई.

चुनाव आयोग अब एक तटस्थ निकाय नहीं रहा

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि हम भारत के लोग, निर्वाचन आयोग से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं, जो आयोग का वास्तविक कर्तव्य है. हालांकि, आयोग भाजपा का एक विभाग बन गया है. यह अब एक तटस्थ निकाय नहीं रहा. वह निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद भी निर्वाचन आयोग बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) में पहचान स्थापित करने के लिए आधार कार्ड को एक दस्तावेज के रूप में शामिल करने में अनिच्छुक है. कांग्रेस नेता ने कहा कि एसआइआर लोकतंत्र के लिए नहीं, वोट चोरी के लिए बनाया जा रहा है. इसलिए हम आंदोलन कर रहे हैं.

ओडिशा में कांग्रेस ही एकमात्र विपक्षी दल

वेणुगोपाल ने कहा कि हम केंद्र और ओडिशा की भाजपा सरकार के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ रहे हैं. हमारा कर्तव्य राज्य में असली विपक्षी दल के रूप में काम करना है. ओडिशा में कांग्रेस ही एकमात्र विपक्षी दल रह गयी है, क्योंकि कोई अन्य पार्टी विपक्ष की भूमिका नहीं निभा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इसके नेता राहुल गांधी हर दिन लोगों के पास जाते हैं और देश के सबसे बड़े मुद्दे वोट चोरी की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि ओडिशा में वोट चोरी और बेरोजगारी के अलावा कांग्रेस पार्टी महिलाओं, आदिवासियों और अन्य लोगों के मुद्दों को भी उठायेगी. वेणुगोपाल ने कहा कि ओडिशा में पार्टी का आधार मजबूत करने के लिए इस महीने के अंत तक जिला इकाई समितियों का गठन कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद, राज्य समिति प्रखंड, मंडल और बूथ समितियों का गठन करेगी.

भाजपा पर फर्जी विमर्श गढ़ने का लगाया आरोप

वेणुगोपाल ने दुबई में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर भाजपा की आलोचना की और आरोप लगाया कि इसके नेता देशभक्ति पर फर्जी विमर्श गढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये (भाजपा) लोग देशभक्ति की बात करते हैं, लेकिन अब वे ऐसा कर रहे हैं (भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति दे रहे हैं). उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद में चीन से संबंधित मुद्दे उठाये, तो भाजपा ने उन्हें चीनी एजेंट कहा. हालांकि, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं चीन गये, तो उन्हें कोई समस्या नहीं हुई. मुझे लगता है कि भाजपा नेता देशभक्ति पर एक फर्जी विमर्श गढ़ रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola