ePaper

Bhubanewar News: राष्ट्र सेवा के प्रति सशस्त्र बलों की निष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत : माझी

Updated at : 06 Feb 2026 1:02 AM (IST)
विज्ञापन
Bhubanewar News: राष्ट्र सेवा के प्रति सशस्त्र बलों की निष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत : माझी

Bhubanewar News: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से नेशनल डिफेंस कॉलेज के प्रशिक्षु अधिकारियों ने लोकसेवा भवन में शिष्टाचार भेंट की.

विज्ञापन

Bhubanewar News: अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के तहत ओडिशा आये दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने गुरुवार को लोकसेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर भारत के साथ-साथ पांच मित्र देशों के सैन्य अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया.

पांच मित्र देश की सेनाओं के अधिकारी भ्रमण कार्यक्रम में शामिल

इस अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा आर्मेनिया, भूटान, श्रीलंका, मंगोलिया और नेपाल की सेनाओं के अधिकारी शामिल थे. मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ओडिशा को देश की रक्षा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े ऐसे प्रतिष्ठित संस्थानों के अधिकारियों की मेजबानी करने पर गर्व है. मुख्यमंत्री माझी ने अपने संबोधन में कहा कि उनके लिए देश का अर्थ केवल राष्ट्रीय सेवा है. यह भावना उनकी सरकार की प्रतिबद्धता का आधार है और यह प्रत्येक सैन्य अधिकारी के कर्तव्यबोध और समर्पण से गहराई से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा के प्रति सशस्त्र बलों की निष्ठा और बलिदान भावना पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है.

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम की प्रशंसा की

मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उल्लेख करते हुए भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान सैनिकों द्वारा प्रदर्शित साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को वे नमन करते हैं. यह अभियान भारतीय सशस्त्र बलों की पेशेवर दक्षता, अटूट प्रतिबद्धता और निःस्वार्थ सेवा का सशक्त उदाहरण है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओडिशा की प्राचीन वीरता और पराक्रम की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए राज्य में हो रहे व्यापक विकास कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उद्योग, आधारभूत संरचना, शिक्षा, खेल और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में ओडिशा ने देशभर में एक नयी पहचान बनायी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समावेशी विकास और सतत प्रगति के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है.

सैन्य अधिकारियों ने ओडिशा के विकास की सराहना

विभिन्न देशों से आये सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद के दौरान ओडिशा के तीव्र विकास, प्रशासनिक सुधारों और जनकल्याणकारी पहलों की सराहना की. उन्होंने कहा कि राज्य ने अल्प समय में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है. बैठक के दौरान रक्षा, रणनीतिक अध्ययन, आपदा प्रबंधन और नागरिक-सैन्य सहयोग जैसे विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया. कार्यक्रम में एयर मार्शल मनीष कुमार गुप्ता, मेजर जनरल सीपी सांगरा, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्रा, मुख्य सचिव अनु गर्ग, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्रा तथा भारतीय सशस्त्र बलों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola