ePaper

Rourkela News: गैस रिसाव और आग की घटनाओं से निबटने की दक्षता का किया परीक्षण

Updated at : 21 Aug 2025 11:42 PM (IST)
विज्ञापन
Rourkela News: गैस रिसाव और आग की घटनाओं से निबटने की दक्षता का किया परीक्षण

Rourkela News: आरएसपी की न्यू प्लेट मिल में आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गयी.

विज्ञापन

Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) की न्यू प्लेट मिल के फर्नेस के पास मैनिफोल्ड क्षेत्र में आपदा तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अग्नि सुरक्षा पर एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. यह अभ्यास मुख्य महाप्रबंधक (एनपीएम और एसपीपी) आरके बिसारे की गहन देखरेख में उप महाप्रबंधक (अग्निशमन सेवाएं) एवं साइट घटना नियंत्रक मंगेश सोनकुसरे, महाप्रबंधक (यांत्रिक) एवं अनुभाग प्रमुख सुधाकर सुब्रमण्यम, महाप्रबंधक (संचालन) एवं अनुभाग प्रमुख एन महापात्र, उप महाप्रबंधक (विद्युत) एवं अनुभाग प्रमुख अमित रावत के सहयोग और समन्वय के साथ किया गया.

प्रशिक्षित कर्मियों वाली तीन टीमों ने वास्तविक समय में की कार्रवाई

यह मॉक ड्रिल आरएसपी के चल रहे वैधानिक और आंतरिक सुरक्षा प्रोटोकॉल का एक हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य इसकी ऑनसाइट आपदा प्रबंधन प्रणाली की दक्षता और तत्परता का परीक्षण करना था. मॉक ड्रिल का परिदृश्य मिश्रित गैस के नकली रिसाव और उसके बाद आग लगने की घटना के इर्द-गिर्द घूमता रहा, जिससे अग्निशमन सेवा, व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र (ओएचएससी), ऊर्जा प्रबंधन विभाग (इएमडी), सुरक्षा इंजीनियरिंग और सीआइएसएफ सहित प्रमुख विभागों की समन्वित प्रतिक्रिया सक्रिय हुई. कई विभागों के प्रशिक्षित कर्मियों वाली तीन समर्पित टीमों (बचाव, सहायक और युद्ध) ने नकली आपात स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वास्तविक समय में कार्रवाई की. प्रतिक्रिया समय, अंतर-एजेंसी समन्वय और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के पालन जैसे प्रमुख मापदंडों का गंभीरता से मूल्यांकन किया गया. औद्योगिक आपात स्थितियों के सामने उच्च सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आरएसपी की रणनीतिक परिचालन इकाइयों में इस तरह की मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं. मॉक ड्रिल का समन्वयन (एनपीएम) के वरिष्ठ प्रबंधक एवं डीएसओ सुमन कुमार ने किया.

आरएसपी ने नौ करोड़ के 47,209 ऊर्जा बचत प्रमाणपत्र प्राप्त किये

राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) ने भारत सरकार की परफॉर्म, अचीव एंड ट्रेड (पीएटी) योजना के तहत 47,209 ऊर्जा बचत प्रमाणपत्र (इएससर्टिफिकेट्स) प्राप्त करके ऊर्जा संरक्षण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज (आइइएक्स) में अंतिम कारोबार मूल्य के अनुसार लगभग नौ करोड़ रुपये मूल्य के इन प्रमाणपत्रों का मुद्रीकरण किया जा सकता है या नामित डिपॉजिटरी के पास जमा किया जा सकता है. यह उपलब्धि वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक के पीएटी चक्र के अंतर्गत प्राप्त हुई है, जिसके दौरान आरएसपी ने 0.6668 टीओइ/टीसीएस के लक्ष्य की तुलना में 0.6539 टन तेल समतुल्य प्रति टन कच्चे इस्पात (टीओइ/टीसीएस) की विशिष्ट ऊर्जा खपत (एसइसी) प्राप्त की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola