Bhubaneswar News: विधानसभा में विधायकों ने किया हंगामा, स्वास्थ्य मंत्री का मांगा इस्तीफा

Bhubaneswar News: कटक एससीबी में अग्निकांड के मुद्दे को लेकर विपक्षी विधायकों ने विस में हंगामा किया. जिससे कार्यवाही बार-बार बाधित हुई.
Bhubaneswar News: कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में हुए अग्निकांड के मुद्दे पर स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को भी विपक्षी दलों के विधायकों ने ओडिशा विधानसभा में जोरदार हंगामा किया. लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी और प्रश्नकाल भी सुचारु रूप से नहीं चल सका. स्थिति को सामान्य बनाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सर्वदलीय बैठक भी बुलायी.
विधायक सदन के मध्य भाग में पहुंचकर करने लगे नारेबाजी
सोमवार को निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई. अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने प्रश्नकाल आरंभ करने का प्रयास किया, लेकिन प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुए अग्निकांड के मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया. विपक्षी विधायक सदन के मध्य भाग में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे. अध्यक्ष ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल जारी रखने की कोशिश करते हुए विधायकों से अपने-अपने स्थान पर लौटकर सदन की कार्यवाही में सहयोग करने की अपील की, लेकिन विपक्षी सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. स्थिति को देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 11:30 बजे तक स्थगित कर दी. इसके बाद शून्यकाल के दौरान भी यही स्थिति बनी रही. विपक्षी विधायक एक बार फिर सदन के मध्य भाग में आकर हंगामा और नारेबाजी करने लगे. बीजद और कांग्रेस विधायकों ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. इसके चलते अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने गतिरोध को दूर करने के उद्देश्य से, पिछले दिन की तरह ही आज भी सदन की कार्यवाही 12:30 बजे तक स्थगित कर दी और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की घोषणा की.
कंधमाल-कालाहांडी-रायगड़ा क्षेत्र में 15 माओवादी सक्रिय : माझी
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राज्य विधानसभा को सूचित किया कि कंधमाल, कालाहांडी और रायगड़ा जिलों की सीमाओं से लगे क्षेत्रों में लगभग 15 माओवादी सक्रिय हैं. उन्होंने कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद वाहिनीपति के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की सुरक्षा संबंधी व्यय (एसआरइ) योजना के अनुसार, वर्तमान में राज्य में केवल कंधमाल जिले को ही वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूइ) से प्रभावित माना जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ अन्य जिले बौध, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट, मलकानगिरी, नवरंगपुर, नुआपाड़ा और रायगड़ा को लेगेसी एंड थ्रस्ट (एलएंडटी) जिला माना जाता है. मुख्यमंत्री के साथ ही गृह विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे माझी ने कहा कि लेकिन असल में कंधमाल-कालाहांडी-रायगड़ा सीमा क्षेत्रों में सिर्फ 15 माओवादियों को छोड़कर राज्य के किसी अन्य हिस्से में माओवादी मौजूद नहीं हैं. उन्होंने कहा कि 2024 से लेकर इस वर्ष 15 मार्च तक की अवधि के दौरान राज्य में कुल 96 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. माझी ने कहा कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए सरकार आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत वित्तीय सहायता, आवास, मासिक वजीफा देने के साथ ही अधिकतम 36 महीनों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण, विवाह सहायता और स्वास्थ्य एवं राशन कार्ड प्रदान कर रही है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक ओडिशा को पूरी तरह से माओवादियों से मुक्त बनाना है.2025 में साइबर अपराध के 2,803 मामले दर्ज : मोहन माझी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि राज्य में पिछले तीन वर्षों के दौरान साइबर अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गयी है. मुख्यमंत्री ने यह जानकारी विधायक अमर नायक के एक प्रश्न के उत्तर में दी. उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में राज्य में 2,348 साइबर अपराध के मामले दर्ज किये गये थे. वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 2,501 हो गयी, जो साइबर अपराधों में बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाती है. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025 में साइबर अपराध के 2,803 मामले दर्ज किये गये. इससे राज्य में साइबर सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता सामने आयी है. मुख्यमंत्री ने सदन को यह भी बताया कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाये हैं. इसके तहत पूरे ओडिशा में 34 साइबर थाने स्थापित किये गये हैं. इसके अलावा लोगों को ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न अभियान भी चलाये जा रहे हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




