Rourkela News: आधा घंटा की बारिश ने बिगाड़ी स्मार्ट सिटी की सूरत, कई इलाकों में जलजमाव
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 11 May 2026 12:16 AM
Rourkela News: काल बैसाखी के प्रभाव में हुई आंधी-पानी से स्मार्ट सिटी की सूरत बिगड़ गयी है. कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है.
Rourkela News: स्मार्ट सिटी समेत आस-पास के इलाके में विगत तीन दिनों से शाम के समय काल बैसाकी के प्रभाव में तेज आंधी के साथ बारिश जमकर तबाही मचा रही है. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन जिले भर में कहीं छत उड़ने, कहीं दीवार गिरने तो कहीं वाहन पर पेड़ की डालियां गिरने से माली नुकसान हो रहा है. आधा से लेकर पौन घंटे की बारिश में स्टील टाउनशिप से लेकर स्मार्ट सिटी में सड़कें लबालब हो जाने से जल निकासी व्यवस्था की पाेल भी खुल रही है.
कई इलाकों में गिरे पेड़, बिजली का तार टूटा
शनिवार की शाम तेज हवा व बारिश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने, सोलर पैनल टूटने जैसी घटनाएं हुईं. राउरकेला स्मार्ट सिटी व राउरकेला महानगर निगम के अंतर्गत शहर के महताब रोड स्थित कब्रिस्तान के पास सड़क पानी से लबालब भरी रही. वहीं उदितनगर सरकारी हाइस्कूल के पास भी पानी जमा हो गया था. इसके अलावा रिंगरोड के सरना चौक के पास शनिवार की शाम तेज हवा में बिजली का तार टूट कर नीचे गिर पड़ा. तार गिरने के बाद यह करीब 15 मिनट तक जलता रहा. गनीमत रही कि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. जिससे एक हादसा टल गया.
सोलर पैनल लेकर भागे लोग, पेड़ की डाल गिरने से कार क्षतिग्रस्त
इसी प्रकार लाठीकटा में एसबीआइ शाखा के पास तीन सोलर लाइट पैनल के साथ नीचे गिर पड़ीं. जिसमें दो सोलर पैनल कई लोगों वहां से उठाकर ले गये हैं. लाठीकटा के ही सुइडीही पेट्रोल पंप के पास एक कार पर पेड़ की डाल गिर जाने से इस कार को नुकसान पहुंचा था. इसके अलावा रिंगरोड से लेकर अन्य स्थानों पर भी पेड़ों की डालियां टूटकर गिरने की सूचना है. हालांकि इन सभी मामलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










