Rourkela News: रामनवमी शोभायात्रा में ब्रह्मोस मिसाइल और प्रसिद्ध मंदिरों की झांकी रही आकर्षण

Rourkela News: रामनवमी को लेकर राउरकेला के बिसरा चौक से उदितनगर आंबेडकर चौक तक भव्य शोभायात्रा निकाली गयी.
Rourkela News: पवित्र रामनवमी के अवसर पर शनिवार को स्मार्ट सिटी राउरकेला के मुख्य मार्ग से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. बिसरा चौक से उदितनगर तक निकली इस शोभायात्रा में अलग-अलग अंचल की 15 अखाड़ा कमेटियां शामिल हुईं. यह शोभायात्रा बिसरा चौक से अपराह्न चार बजे शुरू हुई. समाचार लिखे जाने तक शोभायात्रा उदितनगर आंबेडकर चाैक नहीं पहुंची थी. इस दौरान समूचा मुख्य मार्ग जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान होता रहा.
पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा का हुआ उद्घाटन
अपने-अपने अंचल से अखाड़ा कमेटियां जुलूस लेकर बिसरा चौक पर पहुंचीं. वहां राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी ने विधिवत पूजा-अर्चना व वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रामनवमी शोभायात्रा का उद्घाटन किया. मौके पर राउरकेला इंटीग्रेशन फोरम और शांति कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे. जिसके बाद वहां से शोभायात्रा शुरू की गयी. अखाड़ा शोभायात्रा का शुभारंभ होने के बाद वहां से एक के बाद एक अखाड़ा कमेटियां अपनी-अपनी झांकी लेकर आगे रवाना हुईं.
बालिकाएं और युवतियों ने लाठी से दिखाये करतब
शोभायात्रा में अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग अखाड़ा कमेटियों के खिलाड़ियों ने लाठी खेल का प्रदर्शन किया. बालिकाएं व युवतियां भी लाठी खेल के प्रदर्शन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करतीं नजर आयीं. इस शोभायात्रा में अखाड़ा कमेटियों की ओर से प्रेमानंद महाराजजी, ब्रह्मोस मिसाइल, प्रसिद्ध मंदिरों से लेकर अलग-अलग आकर्षक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं. शोभायात्रा में अलग-अलग वेष धारण कर शामिल कलाकारों का अनोखा रूप भी लोगों को खूब भा रहा था.
मुख्य मार्ग पर उमड़ा जनसैलाब
बिसरा चौक से लेकर उदितनगर आंबेडकर चौक तक मुख्य मार्ग पर शोभायात्रा देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही. विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से मुख्य मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर सेवा शिविर लगाकर भक्तों के बीच तरबूज, शीतल पेयजल, शरबत समेत अन्य अल्पाहार का वितरण किया गया.
18 प्लाटून पुलिस बल की रही तैनाती
रामनवमी शोभायात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी. राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी खुद सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे. वहीं शोभायात्रा में भीड़ नियंत्रण से लेकर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए 18 प्लाटून पुलिस बल की तैनाती रही. पुलिस की ओर से ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही थी. मुख्य मार्ग पर चप्पे चप्पे पर पुलिस जवानों को तैनात किया गया था.
15 अखाड़ा कमेटियां रहीं शामिल
इस शोभायात्रा में श्री शंभूनाथ अखाड़ा, श्री हनुमान अखाड़ा समिति, शिवाजी युवा अखाड़ा, राउरकेला नवयुवक संघ, श्री श्री शिवशक्ति अखाड़ा, जय महाकाल अखाड़ा, रुद्र बाबा अखाड़ा, महावीर अखाड़ा, त्रिनाथ अखाड़ा, राणा प्रताप अखाड़ा, जय बजरंग अखाड़ा पंचतीर्थ मंदिर समेत कुल 15 अखाड़ा कमेटियां शामिल हुईं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




