Sambalpur News: सतकोशिया अभ्यारण्य में लगी आग, गंदेई पहाड़ पर पेड़-पौधे जलकर खाक

Sambalpur News: सतकोशिया अभ्यारण्य में आग लगने से मूल्यवान पेड़ों समेत औषधीय पौधों को नुकसान पहुंचा है.
Sambalpur News: अनुगूल जिले में गर्मी के मौसम की शुरुआत से ही जंगलों में आग लगने की अलग-अलग घटनाएं सामने आ रही हैं. शनिवार को सतकोशिया अभ्यारण्य में आग लगने की घटना सामने आयी है. इस आग ने अभ्यारण्य की टिकरपाड़ा रेंज में गंदेई पहाड़ को अपनी चपेट में ले लिया, मूल्यवान पेड़ों समेत औषधीय पौधों को नुकसान पहुंचा है. वहीं सरीसृप (रेंगने वाले जीव) और कीड़े-मकौड़े आग की चपेट में आ रहे हैं. वर्तमान अनुगूल जिले में तापमान 38 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है. जंगल की आग इसे और भी खतरनाक बना रही है.
आग फैलने की आशंका से भयभीत हैं ग्रामीण
यह जंगल गांव से सटा होने की वजह से लोग आग फैलने के डर से सो नहीं पा रहे हैं. गांव वाले आग फैलने की आशंका से भयभीत हैं. बताया जा रहा है कि जंगल की आग और उसके खतरे को रोकने के लिए जिला सरकार ने बहुत पैसा खर्च किया है. उसमें जरूरी फॉरेस्ट स्टाफ और आग बुझाने के लिए ब्लोअर और जरूरी सामान मुहैया कराये हैं. लोगों में जागरुकता पैदा की है. इन सबके बाद सतकोशिया जैसे इको-सेंसिटिव जोन में लगी आग ने विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की काबिलियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पर्यावरणविदों ने उठाये सवाल
इस बारे में पर्यावरणविद प्रसन्ना बेहरा और विजय स्वांई ने कहा कि जंगल की आग को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाये जा रहे हैं. पैसा आ रहा है, लेकिन काम करने वाले लोग नहीं हैं. फायर लाइन ठीक से नहीं है, स्क्वाड ठीक से काम नहीं कर रहा है. नतीजतन ऐसी घटनाएं हो रही हैं. इस बारे में पूछे जाने पर सतकोशिया डीएफओ गदाधर पात्रा ने कहा कि आग लगने की खबर मिलने के बाद टिकर पाड़ा रेंज के कर्मचारियों ने तुरंत इस पर काबू पा लिया. हालांकि, इस दौरान गंदेई पहाड़ पूरी तरह जल गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




