Rourkela News: डाका डालकर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस पर चलायी गोली, जवाबी कार्रवाई में दो घायल

Published by :BIPIN KUMAR YADAV
Published at :26 Apr 2025 12:08 AM (IST)
विज्ञापन
Rourkela News: डाका डालकर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस पर चलायी गोली, जवाबी कार्रवाई में दो घायल

Rourkela News: बिसरा के सारूबहाल में एक ढाबा संचालक को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं.

विज्ञापन

Rourkela News: बिसरा थाना अंतर्गत सारूबहाल के दुगरु ढाबा में गुरुवार रात 7-8 सशस्त्र बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया. हथियारों की नोक पर ढाबा संचालक गंगई खालको से पहले बदमाशों ने रुपये छीनने की कोशिश की. वहीं विरोध करने पर डकैतों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गंगई घायल हो गया. जिसके बाद डकैत 20 हजार रुपये और तीन मोबाइल लेकर फरार हो गये.

दोनों बदमाशों के पैर में लगी है गोली

वारदात की सूचना पहले बिसरा थाना प्रभारी एम कुम्भार और फिर जिला पुलिस मुख्यालय को मिल चुकी थी. तत्काल पुलिस की एक टीम गठित कर घटनास्थल पर रवाना किया गया. टीम ने डकैतों को घेरने के बाद सभी को सरेंडर करने के लिए कहा. जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की, लेकिन गनीमत रही कि किसी को नहीं लगी. वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी. दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया है. बदमाशों के पास से पिस्तौल, मैगजीन, चार खोखा, 4800 रुपये नकद बरामद हुए हैं. वहीं बाकी आरोपी भागने में सफल रहे. उनको पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.

डकैती में शामिल तीसरा आरोपी भी धराया

शुक्रवार शाम जिला पुलिस मुख्यालय में मीडिया को जानकारी देते हुए एसपी नीतेश वाधवानी ने बताया कि वारदात की सही समय पर सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और सफलता भी मिली. श्री वाधवानी ने कहा कि वारदात के तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया गया है. बाकियों की तलाश चल रही है. शीघ्र सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी. एसपी ने बताया कि जिन दो बदमाशों को गोली लगी है, उनकी पहचान बाणेश्वर सिंह (20) और शिवनाथ सिंह ( 26) के रूप में हुई है. दोनों बदमाश उड़सु, जाटोंटोला गांव के रहनेवाले हैं. एसपी ने आगे कहा कि सभी बदमाशों की पहचान पुलिस ने कर ली है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा. इनमें से कुछ झारखंड के भी हैं. सभी शराब पीकर आये थे और उनका मकसद ज्यादा से ज्यादा रुपये लूटना था. बदमाशों ने ढाबा को टारगेट कर वारदात को अंजाम दिया है.

बाइक पर सवार थे बदमाश

पुलिस के मुताबिक, सभी बदमाश बाइक पर सवार होकर आये थे. वारदात को अंजाम देकर भागते समय पुलिस ने दो बाइक पर सवार चार बदमाशों को रोका, जिसके बाद उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गयी थी. जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए.

तत्काल पुलिस को दें सूचना, मिलेगी मदद

राउरकेला एसपी ने सभी से अपील करते है हुए कहा है कि राउरकेला पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर किसी भी वारदात की तत्काल सूचना तथा शिकायत दें, ताकि पुलिस तुरंत उसपर करवाई शुरू करे. लोगों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है. इससे बचने के लिए ऐसे अपराधों को छिपाएं नहीं, बल्कि तुंरत इसकी जानकारी हेल्पलाइन नंबर पर या पुलिस को दें.

पिस्तौल व अन्य हथियार दिखाकर डराया

ढाबा संचालक की पत्नी सुमन खालको ने बताया कि पति गंगई का इलाज जेपी अस्पताल में चल रहा है. वह खतरे से बाहर हैं. रात को जब वारदात हुई, तो मैं ढाबा पर ही मौजूद थी. डकैतों ने पिस्तौल और अन्य हथियारों से डराने-धमकाने के बाद वारदात को अंजाम दिया. पति ने विरोध किया, तो उन्हें गोली मार दी.

ऐसी किसी भी हरकत पर होगी सख्त कार्रवाई : आइजी

बिसरा में डकैती के बाद पुलिस मुठभेड़ की घटना पर आइजी हिमांशु लाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी किसी भी हरकत पर सख्त कार्रवाई होगी. राज्य सरकार पुलिस को हर तरह से संसाधन युक्त कर रही है और पुलिस का मोरल हाई है. ऐसे में आम लोगों के जीवन में किसी भी तरह के अपराधियों के भय को पुलिस बर्दाश्त नहीं करेगी और सख्त कार्रवाई की जायेगी. बिसरा की वारदात में पुलिस पर अपराधियों ने फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए हैं. आगे की जांच चल रही है. बाकियों की गिरफ्तारी भी शीघ्र होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola