Rourkela News: महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ रही है भाजपा, अधिनियम को पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध

Rourkela News: भाजपा की महिला विधायकों ने प्रेस वार्ता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के फायदे गिनाये और विपक्ष की कड़ी निंदा की.
Rourkela News: लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मसौदा प्रस्ताव वोटिंग के दौरान खारिज होने के बाद गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से राउरकेला में पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया. ब्राह्मणी क्लब में आयोजित इस सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों के असहयोग और उनके रवैये के बारे में जानकारी दी. साथ ही इसे लेकर विपक्ष की कड़ी निंदा की.
लोस और विस में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल सकेगा
ब्रह्मगिरी विधायक उपासना महापात्र ने कहा कि भारतीय संसद में महिला सांसदों की संख्या काफी कम है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से केवल 11 पर महिला विधायक हैं, जो महिलाओं के प्रतिनिधित्व के लिहाज से बहुत ही कम है. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल सकेगा, जिससे महिलाओं की स्थिति में सुधार होगा. बांगिरिपोषी विधायक संजली मुर्मू ने कहा कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि महिलाएं आगे आएं. उन्होंने कहा कि भाजपा इस अधिनियम के फायदों और महिलाओं के लिए अवसरों के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पत्रकार सम्मेलन कर रही है. मुर्मू ने कहा कि विपक्षी दलों का यह रवैया महिलाओं के प्रति उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है.
विपक्षी दलों का विरोध महिलाओं के विकास में बाधा डालने वाला है
भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रमिला दास ने विपक्षी दलों के विरोध की निंदा की. उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ रही है और इस अधिनियम को पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है. दास ने कहा कि विपक्षी दलों का विरोध महिलाओं के विकास में बाधा डालने वाला है. इस सम्मेलन में राज्य महिला मोर्चा की महासचिव लतिका पटनायक, जिला अध्यक्ष पूर्णिमा केरकेट्टा, राज्य अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष गुरिंदर सिंह, राज्य महिला एवं बाल कल्याण आयोग की सदस्य कल्पना लेंका, जिला प्रवक्ता गंगाधर दाश उपस्थित थे. पत्रकार सम्मेलन में उपस्थित नेताओं ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं, विशेषकर जनजातीय महिलाओं को आगे लाने के विषय में जागरुकता फैलाना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




