Rourkela News: मानसिक स्वास्थ्य, कार्यस्थल की चुनौतियों और समग्र कल्याण की मिली जानकारी
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 07 Feb 2026 11:22 PM
Rourkela News: आरएसपी में कर्मचारी सहायता कार्यक्रम पर जागरुकता कार्यशाला में कार्यस्थल की चुनौतियों से निबटने की जानकारी मिली.
Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के ज्ञानार्जन एवं विकास (एलएंडडी) विभाग में संयंत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कार्मिक सहायता कार्यक्रम (इएपी) पर एक दिवसीय जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसका उद्देश्य कर्मचारियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य, कार्यस्थल की चुनौतियों तथा समग्र कल्याण के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं परामर्श सेवाओं के माध्यम से उन्हें उनके व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक मुद्दों से निपटने में सहायता करना था. कार्यशाला का आयोजन दो सत्रों में किया गया, जिसमें प्रथम सत्र में कर्मचारी तथा द्वितीय सत्र में अधिकारी शामिल हुए.
व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास पर दिया गया जोर
मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मानस रथ कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में उपस्थित थे. उन्होंने प्रतिभागियों को व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास के लिए इस कार्यक्रम का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया. सत्रों का संचालन वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक पी पोद्दार तथा मेसर्स इएपी के मनीष तोमर द्वारा किया गया, जिन्होंने बाल्यकालीन आघात से निपटना, कार्यस्थल के दबाव का प्रबंधन तथा मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता के महत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की. कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का समन्वय सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) दिव्या साहू ने किया.
प्रतिभागियों ने साझा किये अनुभव
उल्लेखनीय है कि, सेल द्वारा सभी सेल कर्मचारियों एवं अधिकतम तीन (03) आश्रित पारिवारिक सदस्यों के लिए परामर्श सेवाएं प्रारंभ की गयी हैं. उक्त कार्य के निष्पादन के लिए मेसर्स इएपी प्राइवेट लिमिटेड को सेवा प्रदाता के रूप में चयनित किया गया है. यह कार्यक्रम पूर्णत: गोपनीय एवं पेशेवर सहायता प्रदान करेगा, जो सभी कर्मचारियों एवं उनके निकटवर्ती पारिवारिक सदस्यों के लिए उपलब्ध होगी. इसके अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण, तनाव प्रबंधन, वित्तीय एवं कानूनी परामर्श, कार्य-जीवन संतुलन तथा पारिवारिक एवं संबंधों से जुड़े विभिन्न व्यक्तिगत एवं कार्य-संबंधी विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी. कार्यक्रम को प्रतिभागियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई, जिन्होंने चर्चा में सक्रिय भागीदारी की तथा अपने अनुभव साझा किये. कार्यशाला का समन्वय सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एसके सेनापति द्वारा किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










