बाबूलाल मरांडी ने JMM को बताया झारखंड विरोधी, बोले-कोडरमा से बीजेपी प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी को भारी मतों से जीत दिलाएं

Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 01 May 2024 7:51 PM

विज्ञापन

कार्यक्रम में अन्नपूर्णा देवी के साथ बाबूलाल मरांडी

झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को झारखंड विरोधी बताया. उन्होंने कोडरमा लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की.

विज्ञापन

कोडरमा, विकास: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री व भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की चिंता की है. यदि हमें इसी प्रकार हर वर्ग की चिंता करनेवाला नेतृत्व चाहिए तो मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है और इसके लिए कोडरमा संसदीय क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी को भारी मतों के अंतर से जीताकर दिल्ली भेजना है. उन्होंने भरोसा जताया कि पिछले चुनाव में मुझे और अन्नपूर्णा देवी को जो वोट मिले थे, इस बार उन दोनों को मिलाकर सारे वोट भाजपा को मिलेंगे. वे सतगांवा के बासोडीह हटिया मैदान में भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ मिला हर परिवार को
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश में कोई ऐसा व्यक्ति या परिवार नहीं, जिसे नरेंद्र मोदी सरकार की योजना का लाभ नहीं मिला हो. गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों यानी सबके लिए इस सरकार ने काम किया. हर गरीब को पक्का घर, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, पेयजल, प्रति व्यक्ति 5 किलो के हिसाब से हर महीने अनाज, 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी इस सरकार ने दी है. कोडरमा संसदीय क्षेत्र में 1.25 लाख प्रधानमंत्री आवास बने. देशभर में 4 करोड़ पीएम आवास बने हैं. 3 करोड़ और बनने हैं. यानी अब तक जिन्हें आवास नहीं मिले हैं, उन्हें भी पक्का घर मिलने की गारंटी है.

Also Read: बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार को बताया विकास विरोधी, बोले-सिंहभूम लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी गीता कोड़ा को जीत दिलाएं

कोरोना काल में भी भूखे सोने की नौबत नहीं आयी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोरोना काल में सबकुछ बंद था. तब देश के प्रधानमंत्री ने ऐसी व्यवस्था की जिससे किसी को भी भूखे सोने की नौबत नहीं आयी. कोडरमा संसदीय क्षेत्र के 24 लाख लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ मिल रहा है और यह सुविधा अगले 5 साल तक मिलने की गारंटी है. कोडरमा संसदीय क्षेत्र में 9 लाख 48 हजार आयुष्मान कार्ड बने हैं, जिन्हें 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा अच्छे अस्पतालों में मिल रही है. अब तो यह सुविधा 70 साल से ज्यादा उम्र के हर बुजुर्ग को, चाहे वो गरीब हो या अमीर, सभी को मिलने की गारंटी प्रधानमंत्री मोदी ने दी है.

कांग्रेस व झामुमो झारखंड विरोधी
झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो झारखंड विरोधी और विकास विरोधी हैं. जयपाल सिंह से शिबू सोरेन तक के आन्दोलन को कांग्रेस ने खरीद लिया. जब केंद्र में भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार आयी तो उन्होंने अपना वादा निभाते हुए अलग झारखंड राज्य का गठन किया. कोडरमा संसदीय क्षेत्र में सड़कों की बुरी स्थिति थी. आज़ादी के बाद से लंबे कालखंड तक कांग्रेस का ही शासन रहा. उन्हें किसी ने रोका तो नहीं था, लेकिन लोग परेशान रहे, सड़कें बदहाल रहीं. जब केंद्र और राज्य में डबल इंजन वाली भाजपा की सरकार बनी तो लोगों को आवागमन की सुविधा मिली.

2014 से देश की प्रगति को अद्भुत गति मिली
केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री व कोडरमा संसदीय क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2014 से देश की प्रगति को अद्भुत गति मिली है. देश गुलामी के प्रतीकों से मुक्त हो रहा है. देश की सांस्कृतिक विरासतों का संरक्षण हो रहा है. जनता को हर मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं. सतगांवा में हुए सड़कों-पुलों के निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि पहले कितनी बुरी स्थिति थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्प शक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण, धारा 370 हटाना, मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से मुक्ति, सीएए, नारी शक्ति वंदन अधिनियम आदि कड़े और बड़े फैसले लेकर प्रधानमंत्री ने साबित किया है कि वे दुनिया के सबसे ताकतवर प्रधानमंत्री हैं.

जनसभा में ये थे मौजूद
जनसभा में कोडरमा की विधायक डॉ नीरा यादव, लोकसभा प्रभारी विकास प्रीतम, संयोजक रामचंद्र सिंह, विधानसभा प्रभारी विनय सिंह, जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी, बालगोविन्द यादव, रमेश हर्षधर, सत्यनारायण यादव, ललिता देवी आदि उपस्थित थे.

Also Read: कांग्रेस के न्याय पत्र पर रांची में बोले बाबूलाल मरांडी, देशवासियों के साथ अन्याय के लिए पार्टी मांगे माफी

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola