एक वर्ष में प सिंहभूम बनेगा नंबर वन

Published at :13 May 2015 5:25 AM (IST)
विज्ञापन
एक वर्ष में प सिंहभूम बनेगा नंबर वन

सीएम ने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और पश्चिम सिंहभूम चेंबर के लोगों को किया संबोधित जमशेदपुर/चाईबासा : एक साल में पश्चिमी सिंहभूम को राज्य का नंबर वन जिला बनाना है. इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा. उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कही. श्री दास मंगलवार को चाईबासा सर्किट हाउस में भाजपा नेता, कार्यकर्ता […]

विज्ञापन

सीएम ने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और पश्चिम सिंहभूम चेंबर के लोगों को किया संबोधित

जमशेदपुर/चाईबासा : एक साल में पश्चिमी सिंहभूम को राज्य का नंबर वन जिला बनाना है. इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा. उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कही. श्री दास मंगलवार को चाईबासा सर्किट हाउस में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और पश्चिमी सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे.

श्री दास ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि गांव और मोहल्लों में घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दें. सरकारी योजनाओं को जरुरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करें. पश्चिमी सिंहभूम को विकसित करना जरूरी है. यहां की जमीन खोदकर बाहरी लोग अमीर बन रहे हैं, जबकि यहां की जनता गरीबी में जीवन बसर को विवश है. ऐसा अब नहीं चलेगी. मौके पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व गृह सचिव और भाजपा नेता जेबी तुबिद और बड़कुंवर गगराई उपस्थित थे.

नये सिरे से बनेंगे सरकारी स्कूल. पश्चिमी सिंहभूम जिले में नये सिरे से सरकारी स्कूल बनाये जायेंगे. चाईबासा के तालाब का सौंदर्यीकरण किया जायेगा. मॉडल स्कूल का निर्माण होगा. रघुवर दास ने कहा कि पैरवी से ट्रांसफर पोस्टिंग वे नहीं करने वाले हैं. नि:स्वार्थ भाव से कार्यकर्ता काम करें, तो विकास निश्चित रूप से होगा.

23 को सभी जिलों में कैंप करेगा मंत्रिमंडल. मुख्यमंत्री ने बताया कि 23 मई को मंत्रिमंडल का हर सदस्य किसी न किसी जिले में कैंप करेंगे. वहां रहकर विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे. गांवों के विकास के लिए ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे, ताकि जमीनी हकीकत की जानकारी मिल सके.

सभी जिलों में निकलेगा किसान रथ. वहीं 25 मई से सभी जिलों में किसान रथ निकाला जायेगा. इसके माध्यम से किसान को बताया जायेगा कि उनकी जमीन पर क्या उपज सकता है. वहीं कैसे खेती करनी है. उन्होंने कहा कि किसानों का हेल्थ कार्ड बनाया जायेगा, ताकि यह मालूम चले कि उनकी जमीन कितनी उपजाऊ है और किसी उपज बेहतर होगी.

टीवी, फ्रीज रखेंगे और मुफ्त में अनाज खोजेंगे, नहीं चलेगा

मुख्यमंत्री के समक्ष कार्यकर्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम का विरोध किया. कार्यकर्ताओं की मांग थी कि राशन दुकानों से सभी को अनाज दिया जाये.

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मिडिल क्लास के लोगों को गरीबों का ख्याल रखना चाहिए. लोग घरों में टीवी, फ्रीज रखेंगे और मुफ्त में अनाज खोजेंगे. ऐसा नहीं चलेगा. मुफ्तखोरी के कारण देश आगे नहीं बढ़ पा रहा है.

सब्सिडी देश को कंगाल बना रहा है. 1 जुलाई से अधिनियम लागू होगा. जिसके घर में टीवी या फ्रीज होगा, उनके घर में राशन का सामान सस्ते दर पर नहीं मिलेगा. इस मानसिकता से लोगों को बाहर निकलना होगा.

ट्रांसफर-पोस्टिंग की कार्यकर्ता पैरवी न करें

चाईबासा. प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए किसी तरह की पैरवी न करे. कैबिनेट की बैठक के बाद परिसदन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बीमा योजना, ज्योति योजना व अटल पेंशन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में कार्यकर्ता जुट जाये. जिले में सरकारी अफसर पूरी ईमानदारी से अपना कार्य करें, इसके प्रति कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा. उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में चापाकल, रूम, शौचालय आदि की समस्या है.

उनकी सूची तैयार कर जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार के पास भेजे. उस पर तुरंत निर्णय लिया जायेगा. सरकार की ओर से पश्चिम सिंहभूम जिला को बेहतर बनाने के लिये पूरा प्रयास किया जा रहा है.

23 मई को गांवों में रहेंगे राज्य के मंत्री. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि उनके मंत्रीमंडल के मंत्री आगामी 23 मई को राज्य के विभिन्न गांवों में रहेंगे. इस दौरान वे गांवों की समस्याओं से रूबरू होंगे. पांच साल के अंदर राज्य से गरीबी खत्म करनी की पूरी कोशिश की जा रही है.

भूकंप जैसी आपदा के लिए डीसी का अधिकार बढ़ाया

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भूकंप लगातार आ रहे हैं. प्राकृतिक आपदा को देखते हुए हमने हर जिले के उपायुक्त को खर्च करने का अधिकार बढ़ा दिया है. इसके तहत पांच लाख रुपये तक की राशि खर्च करने का अधिकार उपायुक्त को था, जिसे बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया है. प्राकृतिक आपदा आने पर उपायुक्त इस राशि को खर्च कर सकते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola