10 दिनों से जलापूर्ति ठप, शहरी क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट

Published at :21 Apr 2026 10:31 PM (IST)
विज्ञापन
10 दिनों से जलापूर्ति ठप, शहरी क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट

पुराने मोटर में खराबी और जरूरी पार्ट्स की अनुपलब्धता से मरम्मत में देरी

विज्ञापन

सिमडेगा. शहरी क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप होने के कारण पेयजल संकट गंभीर हो गया है. भीषण गर्मी के बीच पानी की आपूर्ति बंद रहने से शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोग फिलहाल चापाकल, जलमीनार और निजी स्रोतों के सहारे पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार जलापूर्ति के लिए लगाये गये मोटर में तकनीकी खराबी आने के बाद पूरे शहर में पानी की सप्लाई बाधित हो गयी है. नगर परिषद द्वारा मोटर की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन आवश्यक पार्ट्स स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य में देरी हो रही है. बताया जाता है कि जलापूर्ति योजना के तहत वर्ष 1985 में जलमीनार परिसर में उपकरण लगाये गये थे, जिनके माध्यम से तब से शहर में पानी की आपूर्ति की जा रही थी. लगभग 10 वर्ष पूर्व पाइपलाइन और अन्य संयंत्रों को एक्सपायरी घोषित कर दिया गया था, इसके बावजूद किसी तरह व्यवस्था को जारी रखा गया. इस बीच 10 दिन पहले मोटर खराब होने से शहरी क्षेत्र में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है.

टैंकर के माध्यम से आपूर्ति जारी

नगर परिषद द्वारा आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न इलाकों में टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है.

पार्ट्स की कमी से देरी : कार्यपालक पदाधिकारी

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार तिर्की ने बताया कि मोटर की मरम्मत का कार्य जारी है, लेकिन कुछ जरूरी पार्ट्स सिमडेगा में उपलब्ध नहीं हैं. पुराने उपकरण होने के कारण पार्ट्स मिलने में परेशानी हो रही है. आवश्यक पार्ट्स राउरकेला से मंगाये जा रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि पार्ट्स पहुंचने के बाद मरम्मत कार्य पूरा कर अगले रविवार तक जलापूर्ति बहाल कर दी जायेगी. फिलहाल कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण टैंकरों के माध्यम से ही पानी की आपूर्ति की जा रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola