बुरी इच्छाओं, गुनाहों व नफ्स की कुर्बानी देने का संदेश देता है यह पर्व
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 28 May 2026 9:22 PM
सिमडेगा में हर्षोल्लास से मनायी गयी बकरीद, ईदगाह में अदा की गयी सामूहिक नमाज
सिमडेगा. सिमडेगा में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास व धार्मिक आस्था से मनाया गया. मौके पर शहर स्थित ईदगाह में सामूहिक रूप से बकरीद की नमाज अदा की गयी. नमाज मौलाना मो शाकिब ने अदा करायी. पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह देखा गया. लोग सुबह-सुबह नहा-धोकर और नये कपड़े पहन कर सात बजे तक ईदगाह पहुंच गये, जहां सुबह 7:15 बजे सामूहिक नमाज अदा की गयी. नमाज के दौरान अपने तकरीर में मौलाना मो शाकिब ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल जानवर की कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि अपनी बुरी इच्छाओं, गुनाहों व नफ्स की कुर्बानी देने का संदेश देता है. उन्होंने हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम और हजरत इस्माईल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी का जिक्र करते हुए कहा कि अल्लाह के हुक्म पर दोनों ने सब्र, त्याग और फरमांबरदारी की मिसाल पेश की थी. उसी अजीम कुर्बानी की याद में हर साल मुसलमान कुर्बानी करते हैं. मौलाना ने कहा कि कुरआन शरीफ में अल्लाह तआला फरमाता है कि अल्लाह तक इंसान का गोश्त या खून नहीं, बल्कि उसका तकवा पहुंचता है. इसलिए कुर्बानी में दिखावा, रिया या घमंड नहीं होना चाहिए. उन्होंने लोगों से गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की. साथ ही नमाज की पाबंदी करने, झूठ, धोखा और बुराइयों से दूर रहने तथा समाज में भाईचारा और मोहब्बत कायम रखने का संदेश दिया. उन्होंने लोगों को शिक्षा अपनाने और नशे से दूर रहने की सलाह दी. नमाज के बाद लोग कब्रिस्तान पहुंच अपने मरहूमों के लिए अल्लाह से दुआ मांगी.
सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
बकरीद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. ईदगाह समेत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. ईदगाह परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, डीइओ मिथलेश केरकेट्टा, डीएमओ महेंद्र कुमार, डीएसओ मनोज कुमार, सदर थाना प्रभारी संजीत कुमार समेत पुलिस जवान मौजूद थे.
बकरीद त्याग, समर्पण, इंसानियत व प्रेम का संदेश देने वाला पर्व : विधायक
बकरीद पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ईदगाह पहुंच मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की मुबारकवाद दी. उन्होंने लोगों से गले मिल कर पर्व की खुशियां साझा कीं तथा जिले में अमन, भाईचारा और सामाजिक एकता बनाये रखने की अपील की. विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण, इंसानियत व आपसी प्रेम का संदेश देने वाला पर्व है. समाज तब मजबूत होता है, जब सभी धर्म और समुदाय के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं. उन्होंने कहा कि सिमडेगा की पहचान हमेशा से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की रही है, जो जिले की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि आज समाज को नफरत नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव व एकजुटता की जरूरत है. सभी लोग मिल-जुलकर रहें, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और समाज में शांति व सौहार्द का वातावरण बनाये रखें. मौके पर सदर प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, विधायक प्रतिनिधि अख्तर खान, जिला विधायक प्रतिनिधि एजाज अहमद, सदर विधायक प्रतिनिधि सलमान खान, नगर विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, विधायक प्रतिनिधि सज्जाद अंसारी, जिला सचिव विनय तिग्गा आदि उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










