राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान : जिलाध्यक्ष

बिजली दर बढ़ोतरी व अनियमित आपूर्ति के खिलाफ भाजपा का धरना
सिमडेगा. बढ़ती बिजली दर, अनियमित विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफाॅर्मर और स्मार्ट मीटर के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली दरों में की गयी वृद्धि को वापस लेने और आपूर्ति को सुचारू करने की मांग की. साथ ही खराब ट्रांसफाॅर्मरों को जल्द बदलने और स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीबों के कथित शोषण को बंद करने की बात कही. भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक पुरी ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती बिजली दरों से गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जबकि अनियमित आपूर्ति से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफाॅर्मर महीनों से खराब पड़े हैं, लेकिन सरकार और विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो भाजपा उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी. प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है. एक ओर जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिलों में वृद्धि की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को भ्रमित कर आर्थिक शोषण किया जा रहा है. सरकार से उन्होंने इस प्रक्रिया पर रोक लगाने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की. पूर्व विधायक प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा ने कहा कि राज्य की जनता दोहरी मार झेल रही है. प्रदर्शन में प्रणव कुमार, सुजान मुंडा, मनोज साय, तुलसी कुमार साहू, रवि गुप्ता, नरेंद्र बड़ाईक, राकेश रविकांत प्रधान, उपेंद्र श्रीवास्तव, नवीन सिंह, संटू गुप्ता, मुकेश श्रीवास्तव आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




