निर्माणाधीन परियोजनाओं पर पुलिस की पैनी नजर, सुरक्षा में चूक मिली तो होगी कार्रवाई
निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण करते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा पुलिस ने निर्माणाधीन परियोजनाओं और कार्यस्थलों की सुरक्षा के लिए व्यापक ऑडिट अभियान चलाया. सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.
सिमडेगाः जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिमडेगा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
मजदूरों की सुरक्षा से लेकर सीसीटीवी तक की जांच
सुरक्षा ऑडिट के दौरान निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों और कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई. इसके अलावा निर्माण सामग्री और मशीनरी की सुरक्षा, रात्रिकालीन सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाहरी लोगों की आवाजाही और आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. पुलिस ने संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां की निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, गबरू एफसी ने जीता उद्घाटन मैच
सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों, संवेदकों और साइट प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. कार्यस्थल पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को देने और सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया.
रात्रि गश्ती और निगरानी होगी तेज
पुलिस प्रशासन ने निर्माण स्थलों पर रात्रिकालीन गश्ती और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं. इसका उद्देश्य निर्माण सामग्री की चोरी, असामाजिक गतिविधियों और अन्य अप्रिय घटनाओं पर रोक लगाना है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सुरक्षा ऑडिट और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- Ranchi में तीन बड़े फ्लाइओवर का टेंडर फाइनल, अक्तूबर से शुरू होगा निर्माण
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए