Ranchi में तीन बड़े फ्लाइओवर का टेंडर फाइनल, अक्तूबर से शुरू होगा निर्माण
रांची को मिलेंगे 3 नए फ्लाइओवर
रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में तीन बड़े फ्लाइओवर प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी मिल गई है. करमटोली-चिरौंदी, अरगोड़ा-चापुटोली और हरमू फ्लाइओवर का निर्माण अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है.
रांचीः राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में तीन बड़ी योजनाओं का रास्ता साफ हो गया है. करमटोली-चिरौंदी, अरगोड़ा-चापुटोली और हरमू फ्लाइओवर का टेंडर फाइनल हो गया है. इसके लिए दो माह पूर्व टेंडर निकाला गया था. तीनों योजनाओं के लिए अलग-अलग कंपनियों का एल-वन चयन किया गया है. अब रेट नेगोशिएशन के बाद कंपनियों को काम आवंटित किया जाएगा. अक्तूबर से तीनों फ्लाइओवर का निर्माण शुरू कराने की तैयारी है.
तीन कंपनियों का हुआ चयन
करमटोली-चिरौंदी फ्लाइओवर के लिए शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी, अरगोड़ा-चापुटोली फ्लाइओवर के लिए दिनेश चंद्र आर अग्रवाल इंफ्राकॉन कंपनी और हरमू फ्लाइओवर के लिए हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी), मुंबई का एल-वन चयन हुआ है.
तीनों फ्लाइओवर का निर्माण स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड (साज) की ओर से कराया जाएगा. इनका निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड में होगा. इस व्यवस्था में चयनित कंपनी ही डिजाइन से लेकर निर्माण तक का काम करेगी. जरूरत पड़ने पर कंपनी डिजाइन में मामूली संशोधन का प्रस्ताव भी दे सकेगी.
ये भी पढ़ें- आज रांची समेत 11 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
इन योजनाओं पर होना है काम
हरमू फ्लाइओवर
हरमू फ्लाइओवर सहजानंद चौक के पहले से शुरू होकर हरमू रोड होते हुए रातू रोड को क्रॉस करेगा और कांके रोड स्थित जज कॉलोनी तक जाएगा. इसकी लंबाई करीब 3.5 किमी होगी. इस योजना के लिए दोबारा टेंडर किया गया है और इस बार 326.61 करोड़ रुपए की योजना का टेंडर जारी हुआ था. फ्लाइओवर पर सहजानंद चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रातू रोड जाने की अलग व्यवस्था होगी. इसके लिए गोशाला के सामने उतरने की व्यवस्था की जाएगी.
अरगोड़ा फ्लाइओवर
अरगोड़ा चौक फ्लाइओवर के लिए 223.14 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया था. यह हरमू रोड में काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज के पहले तक बनेगा. इसके अलावा अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ की ओर चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर 3 तक भी फ्लाइओवर का निर्माण होगा. इसमें राउंड अबाउट की व्यवस्था होगी. इससे चारों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी. इस फ्लाइओवर की कुल लंबाई 3.804 किमी होगी.
करमटोली फ्लाइओवर
करमटोली फ्लाइओवर को करमटोली चौक से साइंस सिटी यानी चिरौंदी तक बनाया जाएगा. इसकी कुल लंबाई 3.216 किमी होगी. इसमें मुख्य फ्लाइओवर की लंबाई 2.7 किमी होगी, जबकि 0.52 किमी लिंक रोड मोरहाबादी के लिए होगा. इस लिंक रोड का इस्तेमाल मोरहाबादी मैदान और स्टेडियम की ओर से आने वाले लोग कर सकेंगे. इस परियोजना के लिए 351 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया था.
ये भी पढ़ें- लामू : हरिहरगंज में नाबालिग को भगाने के दो मामले, बाजार से गायब हुई लड़की
एचसीसी ने कई बड़ी परियोजनाओं पर किया है काम
हरमू फ्लाइओवर के निर्माण के लिए चुनी गई हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) मुंबई की बड़ी निर्माण कंपनियों में शामिल है. कंपनी ने बांद्रा-वर्ली सी लिंक सहित कई बड़ी परियोजनाओं पर काम किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए