सिमडेगा पुलिस ने चिकित्सा कर्मियों को किया सम्मानित
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Apr 2026 10:21 PM
सिमडेगा पुलिस ने चिकित्सा कर्मियों को किया सम्मानित
सिमडेगा. एसपी के निर्देश पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में अहम योगदान देने वाले शांति भवन मेडिकल सेंटर, बीरू के विशेषज्ञों व कर्मियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया. समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित समारोह में सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. गौरतलब है कि 28 से 30 मार्च तक पुलिस केंद्र सिमडेगा में बेसिक लाइफ सपोर्ट सर्पदंश प्रबंधन तथा ट्रॉमा मरीजों के सुरक्षित परिवहन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान विशेषज्ञों ने पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षक तकनीकों व सर्पदंश के वैज्ञानिक उपचार के बारे में जानकारी दी. एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर और त्वरित प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाते हैं. खासकर सर्पदंश व सड़क दुर्घटना जैसे मामलों में समय पर सही उपचार और सुरक्षित परिवहन से कई जिंदगियां बचायी जा सकती हैं. उन्होंने बताया कि जिले में सर्पदंश की घटनाओं में हाल के दिनों में वृद्धि देखी गयी है, जिसे देखते हुए प्रखंड स्तर पर पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसका उद्देश्य यह है कि किसी घटना की सूचना मिलते संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंच कर पीड़ित को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सके. साथ ही थाना स्तर पर पंचायतों, गांवों व स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. आमलोगों को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है. पुलिस ने अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या झाड़-फूंक का सहारा न लें, बल्कि शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर इलाज करायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










