बानो में पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, उद्घाटन मैच में कानारोवां ने दर्ज की जीत
फुटबॉल टूर्नामेंट में उपस्थित खिलाड़ी | Prabhat Khabar Network
बानो के जराकेल बगीचा टोली में पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट धूमधाम से शुरू हो गया है. उद्घाटन मैच में कानारोवां की टीम ने जीत दर्ज की. यह आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देगा.
धर्मेंद्र सिंह की रिपोर्ट
बानो (सिमडेगा): प्रखंड के जराकेल बगीचा टोली में युवा संघ जराकेल बगीचा टोली के तत्वावधान में बालक एवं बालिका वर्ग का पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट धूमधाम से शुरू हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच बालिका वर्ग में कानारोवां झरियाडीपा और करकटा की टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में कानारोवां की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज की. उद्घाटन समारोह में युवा लोक गायक रूपेश बड़ाईक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके साथ मुखिया प्रतिनिधि विकाश मघईया और कुलदीप सिंदुरिया भी मौजूद रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
खेल से बढ़ता है सामाजिक सौहार्द
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रूपेश बड़ाईक ने कहा कि खेल आयोजन से सामाजिक सौहार्द बढ़ता है. खेल के मैदान में जाति, धर्म और वर्ग के भेद मिट जाते हैं. जब युवा एक साथ खेलते हैं, तो समाज में स्थिरता आती है और आपसी संबंध मजबूत होते हैं. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को नशे और गलत संगति से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम वर्क और सहयोग की भावना भी विकसित होती है.
ये भी पढ़ें- कैरो में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
पंचायत स्तर पर खेल आयोजन से बढ़ती है एकता
मुखिया प्रतिनिधि विकाश मघईया ने भी आयोजन की सराहना की. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे खेल आयोजनों से गांवों में एकता और भाईचारे का माहौल बनता है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी.
पांच दिनों तक चलेगा टूर्नामेंट
आयोजन समिति के अनुसार, पांच दिनों तक चलने वाले टूर्नामेंट में बालक और बालिका दोनों वर्गों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. स्थानीय लोगों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है. टूर्नामेंट के समापन पर विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह टूर्नामेंट युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करेगा.
आयोजन समिति के अध्यक्ष जागेश्वर साहू, सचिव सुमित बड़ाईक और कोषाध्यक्ष मनोज साहू के साथ सदस्य अनिल, संदीप, मनीष, सुलेंद्र, रामकिशोर, कार्तिक, जोशेफ, टिंकू, अनूप सहित पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में मेहनत की.
ये भी पढ़ें- बाइक खड़ी कर सब्जी लेने गया था युवक, लौटकर देखा तो उड़ चुकी थी मोटरसाइकिल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए