कैरो में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
पूजा-अर्चना करते भक्त | Prabhat Khabar Network
कैरो प्रखंड में विश्वकर्मा पूजा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विभिन्न प्रतिष्ठानों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष पूजा-अर्चना की गई.
कैरो (लोहरदगा): कैरो प्रखंड क्षेत्र में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्वकर्मा पूजा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई. सुबह से ही कैरो बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना रहा. इस अवसर पर बिजली पावर ग्रिड, कैरो समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों में विधिवत पूजा-अर्चना की गई.
पावर ग्रिड में उपकरणों की पूजा
पावर ग्रिड परिसर में कर्मियों ने विद्युत उपकरणों और मशीनों की साफ-सफाई कर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की. इसके बाद निर्विघ्न बिजली आपूर्ति और सुरक्षा की कामना को लेकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. इसके अलावा फ्लावर मिल, पेट्रोल पंप, वेल्डिंग दुकान, हार्डवेयर दुकान, मोटरसाइकिल गैरेज और मशीन दुकानों में भी प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई कर आकर्षक ढंग से सजाया गया. दुकानदारों ने अपने-अपने संस्थानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा की.
ये भी पढ़ें- फॉर्म भरने से लेकर ऑनलाइन पेमेंट तक सावधानी जरूरी, कुड़ू में छात्रों को किया जागरूक
वाहनों और कृषि यंत्रों की भी हुई पूजा
ग्रामीणों ने भी अपने वाहनों, ट्रैक्टर, बाइक और कृषि यंत्रों को धोकर और साफ-सुथरा कर पूजा-अर्चना की. पूजा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. पावर ग्रिड कैरो में आयोजित पूजा के दौरान मजूल अंसारी, मनोज पांडे, खुर्शीद अंसारी, बैकुंठ शुक्ला, विकास उरांव, सूरज मुंडा, राधेश्याम साहू सहित कई कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे. दिनभर लाउडस्पीकर पर बज रहे भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा. पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए