छह माह से नहीं मिल रही वृद्धा पेंशन, बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 10 Apr 2026 10:36 PM
पेंशन नहीं मिलने से दवा और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल, बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर
कोलेबिरा. प्रखंड में पिछले छह माह से वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिनके लिए यह पेंशन जीवन का सहारा था, अब वे खुद को बेसहारा महसूस कर रहे हैं. पेंशन राशि नहीं मिलने से कई वृद्ध महिला-पुरुष जीवन रक्षक दवाएं तक नहीं खरीद पा रहे हैं. वृद्ध पेंशनभोगी उमेश प्रसाद ने बताया कि वे पेंशन से ही दवा और जरूरी सामान खरीदते थे, लेकिन छह माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण काफी दिक्कत हो रही है. कहा कि सरकार की ओर से केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा. कौशल्या देवी ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से उनकी स्थिति बेहद खराब हो गयी है. वे बीपी की दवा तक नहीं ले पा रही हैं और अब दवा के लिए दूसरों पर निर्भर होना पड़ रहा है. बालमती देवी ने कहा कि बार-बार बैंक जाने के बावजूद हर बार यही जवाब मिलता है कि पेंशन नहीं आयी है, जिससे निराश होकर लौटना पड़ता है. सुगईया देवी ने बताया कि पिछले पांच माह से वे दवा नहीं ले पा रही हैं और दूसरों के सहारे जीवन गुजारने को मजबूर हैं. 80 वर्षीय सिलबीईउस कुल्लू (चलने-फिरने में भी असमर्थ) ने कहा कि पेंशन ही उनका एकमात्र सहारा था, जो अब बंद हो गयी है. केजवा मुंडा ने बताया कि बैंक जाने पर हर बार पेंशन नहीं आने की बात कही जाती है, जिससे वे काफी परेशान हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है. लोरतुस टेटे ने भी कहा कि पेंशन के अभाव में वे पूरी तरह लाचार हो गये हैं. राधेश्याम प्रसाद, जनेश्वर बिल्हौर सहित अन्य पेंशनभोगियों ने भी जल्द से जल्द पेंशन भुगतान शुरू करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










