शिक्षा से कोई बच्चा वंचित नहीं रहे : डीसी

जिला स्तरीय बैठक सह कार्यशाला का आयोजन
सिमडेगा. जिला मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के सभागार में झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत स्कूल रूआर 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के पांच से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाये. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर जिप अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा, नप ओलिभर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सूरज मुन्नी कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. उपायुक्त ने कहा कि स्कूल रूआर 2026 केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज निर्माण का महत्वपूर्ण अभियान है. उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल से जोड़ने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन या अभिभावकों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभायें. उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास केवल सड़क और भवन निर्माण से नहीं, बल्कि शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के सुदृढ़ीकरण से संभव है. कुपोषण को उन्होंने जानकारी के अभाव से जुड़ी समस्या बताते हुए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया. जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम ने बताया कि नये शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विशेष नामांकन अभियान चलाया जायेगा, जिसके तहत गांव-स्तर पर सर्वे कर स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान की जायेगी. कार्यक्रम के अंत में पोषण पखवारा के तहत सभी को शपथ दिलायी गयी और स्वस्थ व शिक्षित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




