ईचागढ़ में झुंड से बिछड़े हाथी ने महिला को पटककर मार डाला, चांडिल में घर को तोड़ा
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 12 Jun 2026 11:58 PM
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में सतर्क रहने, हाथियों के नजदीक न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचित करने की अपील की
चांडिल/चौका.
ईचागढ़ थाना क्षेत्र के लाबा गांव (टोला बनडीह) में गुरुवार देर रात झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने 60 वर्षीय वृद्ध महिला चंपा सिंह मुंडा को पटककर मौत के घाट उतार दिया. घटना के समय बिजली गुल थी. हाथी ने घर की दीवार तोड़ी और आहट पाकर आंगन में निकली महिला को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. इसके अलावा हाथी ने ग्रामीण सोमचांद सिंह मुंडा के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.वन विभाग ने दिया 50,000 का तत्काल मुआवजा :
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और ईचागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया. वन विभाग ने मृतका की पुत्री मालती सिंह मुंडा को तत्काल राहत के रूप में 50,000 रुपये नकद सौंपे. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष 3.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी जल्द दी जाएगी.
चांडिल में भी हमला: बाल-बाल बचे ग्रामीण :
चांडिल प्रखंड के रुचाप टोला सालडीह गांव में भी बीती रात हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने राजू हेंब्रम का घर तोड़ दिया और कमरे में रखा 6 क्विंटल धान खा गया. इस दौरान राजू की पत्नी और बच्चों ने दीवार से सटकर बमुश्किल अपनी जान बचायी. कि वर्तमान में चांडिल, नीमडीह, कुकड़ू और ईचागढ़ प्रखंडों में हाथियों का डेरा है. वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में सतर्क रहने, हाथियों के नजदीक न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचित करने की अपील की है. दो महीने में हाथियों के हमले में 5 मौतें
क्षेत्र में हाथियों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि दो महीने में 5 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
– 11 अप्रैल : सापारुम में राधा तांती की मौत- 25 अप्रैल: ईचागढ़ में मां चाइना देवी और बेटी अमिता कुमारी की मौत- 4 मई: कुकडू में मुनी राम गोराई (50) की मौत.
– 11 जून: लाबा गांव में चंपा सिंह मुंडा की मौत.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










