नशे के खिलाफ चला छापामारी अभियान, मिला 10 लीटर महुआ
छापामारी अभियान चलाती पुलिस
सरायकेला के सीनी ओपी पुलिस ने नशा के खिलाफ सघन छापामारी अभियान चलाया. पुलिस ने अवैध शराब नष्ट कर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया.
सरायकेला: नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से सीनी ओपी पुलिस ने शुक्रवार की सुबह सघन छापामारी अभियान चलाया. ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस जवानों की टीम ने सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक ओपी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने नशा तस्करों के संभावित ठिकानों, खाली पड़े भवनों और जंगल वाले इलाकों की गहन तलाशी ली. छापामारी के दौरान ओपी प्रभारी स्वयं टीम के आगे रहकर अभियान का नेतृत्व करते रहे.
जांच में मिला 10 लीटर महुआ
पुलिस ने संदिग्ध स्थानों के साथ-साथ उन जगहों पर भी जांच की जहां नशे का कारोबार होने की आशंका थी. जांच के क्रम में करीब 10 लीटर महुआ शराब पाया गया जिसे पुलिस जवानों ने मौके पर ही नष्ट कर दिया. हालांकि अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस बीच पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से भी मुलाकात कर उन्हें नशा से दूर रहने के लिए जागरूक किया.
समाज को बर्बाद करता है नशा: विनय सिंह
ओपी प्रभारी ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया और कहा कि नशा न सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है. विनय कुमार सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं भी नशे का कारोबार होता दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. पुलिस सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखेगी. छापेमारी टीम में ओपी के सभी जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










