रोजगार व विकास के मुद्दे पर एसएम स्टील्स के खिलाफ ग्रामीणों की हुंकार, सौंपा इन 25 मांगों से संबंधित पत्र
मांग पत्र सौंपते ग्रामीण.
नीमडीह क्षेत्र में एसएम स्टील्स के खिलाफ ग्रामीणों ने 25 सूत्री मांगें रखी हैं. स्थानीय युवाओं को रोजगार और विकास में प्राथमिकता देने की मांग की गई है. जानिए क्या हैं ग्रामीणों की मुख्य माँगें.
चांडिल : नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में एसएम स्टील्स की औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े रोजगार, विकास और ग्रामीण हितों के मुद्दे पर सप्त ग्राम विकास संघ ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगें रखीं. आदरडीह सामुदायिक भवन में संघ और एसएम स्टील्स प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में ग्रामीणों ने 25 सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए स्थानीय युवाओं और भूमि दाताओं के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की.
पर्यावरण संरक्षण व पुनर्वास समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
इस दौरान संघ के अध्यक्ष जयंत कुमार रजक की अध्यक्षता में हुई बैठक में रोजगार, स्थानीय विकास, भूमि दाताओं के अधिकार, पर्यावरण संरक्षण और पुनर्वास समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. संघ ने कंपनी में उपलब्ध स्थायी, अस्थायी और अन्य योग्य रोजगार के अवसरों में सातों गांवों के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की. साथ ही आवेदन, चयन और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा इसकी जानकारी संघ के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
रैयतों के योग्य सदस्यों को रोजगार में दे प्राथमिकता
ग्रामीणों ने कहा - परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले परिवारों के योग्य सदस्यों को रोजगार और आर्थिक अवसरों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए. औद्योगिक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए. साथ ही स्थानीय विकास कार्यों, पर्यावरण संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े मामलों में भी कंपनी की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई.
विकास के मामलों में ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी
बैठक में संघ की ओर से कहा गया कि कंपनी की औद्योगिक गतिविधियों से स्थानीय ग्रामीणों की अपेक्षाएं जुड़ी हैं. ऐसे में रोजगार और विकास के मामलों में ग्रामीणों की भागीदारी, पारदर्शिता और संवाद जरूरी है. संघ ने मांगों के समाधान के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से वार्ता जारी रखने पर जोर दिया. कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की मांगों को वरीय पदाधिकारियों के समक्ष रखने और सकारात्मक वार्ता के माध्यम से समाधान की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन के अधिकारी सुधीर जी, सुभाष चंदर, सूरज सिंह तथा सप्त ग्राम विकास संघ के सचिव आलोक कुमार आदि उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए