सरायकेला के मुरुमडीह में बाइक सवार ने खड़े ट्रक से मारी टक्कर, हालत गंभीर

सरायकेला के मुरुमडीह में खड़े इसी ट्रक में बाइक सवार ने टक्कर मारी. फोटो: प्रभात खबर
Saraikela Road Accident: झारखंड के सरायकेला के मुरुमडीह गांव के पास एनएच-220 पर बाइक सवार युवक खड़े ट्रक से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल सोमाय हांसदा को प्राथमिक इलाज के बाद एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
सरायकेला से सुरेंद्र मार्डी की रिपोर्ट
Saraikela Road Accident: सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर मुरुमडीह गांव के पास मोटरसाइकिल सवार युवक खड़े ट्रक से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
सुबह पांच बजे हुई घटना
घटना सुबह करीब पांच बजे की बतायी जा रही है. घायल युवक की पहचान राजनगर प्रखंड के सुड़सी गांव निवासी 18 वर्षीय सोमाय हांसदा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल (संख्या जेएच-06पी-1935) से जुमाल गांव बाहा बाहा परब मनाने गया था.
बाहा परब से लौटने के दौरान हुआ हादसा
बाहा परब से लौटने के दौरान जैसे ही वह मुरुमडीह गांव के पास पहुंचा, सड़क किनारे खड़े आयरन लदे ट्रक के पीछे उसकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद चालक सोमाय हांसदा सड़क पर गिर पड़ा.
सिर में गंभीर चोट, दो अन्य घायल
टक्कर में सोमाय के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा. मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो युवकों को भी हल्की चोटें आई हैं. घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मुरुमडीह गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में आज मनेगा संस्थापक दिवस, जेएन टाटा की प्रतिमा का होगा अनावरण
पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस ने ट्रक और मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: मेदिनीनगर में 6 लाख की चोरी, सेना के जवान के बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने कर दी सफाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




