रथयात्रा से पहले एनएच-32 बना मुसीबत, चांडिल बाजार ओर स्टेशन चौक से एक किमी तक सड़क पर बह रहा नाला का पानी

Updated:
विज्ञापन
रथयात्रा से पहले एनएच-32 बना मुसीबत, चांडिल बाजार ओर स्टेशन चौक से एक किमी तक सड़क पर बह रहा नाला का पानी

चांडिल में रथयात्रा मार्ग पर नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द सफाई और जल निकासी की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

चांडिल : भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन चांडिल बाजार ओर चांडिल स्टेशन चौक से करीब एक किलोमीटर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-32 की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. नाला जाम होने के कारण घरों का गंदा पानी और बारिश का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है. सड़क पर कई स्थानों पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

छोटे स्कूली बच्चों को हो रही है परेशानी

चांडिल स्टेशन डाक बंगला के समीप ब्लू बेल्स नामक स्कूल के छोटे छोटे नन्हे स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हो रही हैं. स्कूल के सामने नाला का गंदा पानी बहने व जमाव होने के कारण काफी परेशानी हो रही हैं. वही यह सड़क चांडिल बाजार का सबसे व्यस्त मार्ग है. सुबह से देर शाम तक इस रास्ते से स्कूली छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. सड़क पर लगातार बह रहे पानी के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है. दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार होने के डर से धीमी गति से वाहन चला रहे हैं. हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है.

लंबे समय से नहीं हुई है नाला की सफाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण उनमें गाद और कचरा भर गया है. जल निकासी पूरी तरह बाधित हो चुकी है. परिणामस्वरूप घरों का गंदा पानी और वर्षा का पानी सड़क पर बहने लगता है. कई बार संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया.

नाला सफाई नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को होगी परेशानी

इस बार समस्या इसलिए और गंभीर हो गई है क्योंकि आगामी रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का रथ इसी मार्ग से मौसीबाड़ी पहुंचेगा. रथ के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु सड़क के दोनों ओर खड़े रहते हैं. यदि जलजमाव की स्थिति बनी रही तो श्रद्धालुओं को भारी असुविधा होगी. फिसलन और भीड़ के बीच किसी अप्रिय घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

दुकानदारों को हो रही हैं परेशानी

व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने जलजमाव के कारण मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने की भी आशंका जताई है. उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होती.

प्रशासन से नाला सफाई व मरम्मत की मांग

लोगों ने जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और नगर निकाय से रथयात्रा से पूर्व युद्धस्तर पर नाला की सफाई कराने, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत करने तथा सड़क पर जमा पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो रथयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी.


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola