राज्य ओलंपियाड में सरायकेला का शानदार प्रदर्शन, 5 छात्रों ने बनायी जगह
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 27 May 2026 6:27 PM
42 हजार प्रतिभागियों में से टॉप-15 में जगह बनाकर दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
सरायकेला.
झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीइआरटी), रांची ने सोमवार को झारखंड राज्य ओलंपियाड-2025 का परीक्षाफल जारी कर दिया है. परिषद द्वारा जारी 15 अभ्यर्थियों की अंतिम मेधा सूची में सरायकेला-खरसावां जिला के पांच छात्रों ने स्थान प्राप्त कर जिला का नाम रोशन किया है.कक्षा 7 और 9 में जिले का शानदार प्रदर्शन
कक्षा 7 में संत फ्रांसिस डी सेल्स स्कूल की छात्रा कनक प्रभा को पांचवां रैंक मिला है. वहीं कक्षा 9 में संत फ्रांसिस डी सेल्स स्कूल के उत्कृष्ट मनोरथ ने प्रथम रैंक प्राप्त किया है. एसएस प्लस टू हाई स्कूल चांडिल की छात्रा मनीषा किस्कू को तीसरा, निपेन महतो को चौथा और लखी महतो को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है.
42 हजार से अधिक छात्रों ने लिया था भाग
राज्य स्तरीय इस परीक्षा में सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 7 से 9 तक के कुल 42,743 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था. प्रथम चरण की परीक्षा में प्रत्येक जिले से शीर्ष 10 छात्रों का चयन कर कुल 781 विद्यार्थियों को दूसरे चरण के लिए चुना गया था. दूसरे चरण की परीक्षा 6 मई 2026 को आयोजित हुई, जिसमें 733 विद्यार्थियों ने भाग लिया.
डीइओ ने कहा- प्रतियोगिताएं बढ़ाती हैं आत्मविश्वास
जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं छात्रों में वैज्ञानिक सोच और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाती हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से आयोजित इस परीक्षा में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और सामान्य ज्ञान जैसे विषय शामिल रहते हैं. सफल छात्रों को जेसीइआरटी द्वारा सम्मानित किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










