मुरुमडीह में ब्रेकडाउन ट्रक से टकराई बाइक, सिवान निवासी युवक की मौत
सांकेतिक तस्वीर. (AI Image)
राजनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय रोहित यादव की मौत हो गई. वह अपनी मोटरसाइकिल से रात का भोजन लाने जा रहा था, तभी ब्रेकडाउन ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा संकेतों की कमी वाले खड़े वाहनों से दुर्घटना के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई है.
राजनगर. सरायकेला-खरसावां के हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर मुरुमडीह गांव के पास बुधवार रात करीब 9:30 बजे सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बिहार के सिवान निवासी रोहित यादव (24) के रूप में हुई है. वह राजनगर में रहकर चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट में काम करता था.
खड़े ट्रक को रोहित मे पिछे से मारी टक्कर, मौत
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित यादव अपनी मोटरसाइकिल से रात का भोजन लाने के लिए मुरुमडीह पुलिया के समीप स्थित लाइन होटल जा रहा था. इसी दौरान सड़क किनारे ब्रेकडाउन हालत में खड़े ट्रक के पीछे उसकी मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गये. घायल युवक को इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गयी.
भोजन लाने के लिए बाइक से निकला था रोहित
बताया जाता है कि रोहित ड्यूटी समाप्त करने के बाद चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट से राजनगर स्थित अपने क्वार्टर आया था. इसके बाद वह भोजन लाने के लिए बाइक से निकला था. घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों ने सड़क पर बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेत के खड़े ब्रेकडाउन वाहनों को लेकर चिंता जतायी. लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर रात के समय ऐसे वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









