बाइक दुर्घटनाग्रस्त, बुजुर्ग की मौत<bha>;</bha> दो गंभीर

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 12 Jun 2026 11:52 PM

विज्ञापन

एनएच पर था अंधेरा, बाइक तेज रफ्तार में होने से हादसे की आशंका

विज्ञापन

चांडिल.

चांडिल थाना क्षेत्र में एनएच-32 टाटा-पुरुलिया मार्ग (पुराना रोड) स्थित चांडिल बाजार तांती बांध के समीप गुरुवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गयी. वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान चांडिल प्रखंड के रुचाप गांव निवासी चंडी बैरा (60 वर्ष) के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर तीन लोग चांडिल स्टेशन की ओर से चांडिल बाजार जा रहे थे. इसी दौरान तांती बांध के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर काफी दूर तक घसीटा गये, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आयीं.स्थानीय लोगों ने फौरन एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. एमजीएम अस्पताल में बुजुर्ग चंडी बैरा ने दम तोड़ दिया. वहीं हादसे में घायल कृष्ण लायक और एक अन्य युवक का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक, दुर्घटना के समय सड़क पर काफी अंधेरा था. आशंका है कि तेज रफ्तार या अचानक संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. बुजुर्ग चंडी बैरा के निधन से उनके पैतृक गांव रुचाप में शोक की लहर है.

ट्रेलर-कार की टक्कर में दो छात्राएं गंभीर, सड़क जाम

चाईबासा. टाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आयता चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी. इस टक्कर से अनियंत्रित हुई कार की चपेट में आने से स्कूल बस का इंतजार कर रही अनुष्का पान (7) और लवली तांती (8) गंभीर रूप से घायल हो गयी. दोनों घायल छात्राओं को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक की पिटाई कर दी और मार्ग पर वाहनों की तेज गति के विरोध में करीब 3 घंटे तक सड़क जाम रखा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया.

बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी, खरसावां के युवक की मौत

सरायकेला.

सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर जिला समाहरणालय के समीप टीवीएस शोरूम के पास शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गयी. हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान खरसावां थाना क्षेत्र के बेगनाडीह गांव निवासी संजय नायक (23 वर्ष) के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे की है. संजय नायक अपनी बाइक (जेएच 05 इसी 9969) पर सवार होकर खरसावां से सरायकेला की ओर आ रहा था. इस दौरान बाइक से उसका नियंत्रण खो गया. युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को बुलाया और घायल युवक को सरायकेला सदर अस्पताल भिजवाया. घटना की जानकारी स्थानीय सरायकेला थाना पुलिस को दी गयी. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर से उसके परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola