झारखंड की सांस्कृतिक धरोहरों के विकास को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिले अर्जुन मुंडा, केंद्र से मिला सकारात्मक आश्वासन

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलते पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा | Prabhat Khabar Network
अर्जुन मुंडा ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलकर झारखंड के धार्मिक स्थलों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की मांग की, मिला सकारात्मक आश्वासन.
सरायकेला. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर राज्य की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया गया.
अर्जुन मुंडा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष रांची जिले के प्रसिद्ध देवड़ी मंदिर (तमाड़), खूंटी के सोनमेर मंदिर तथा सिमडेगा स्थित रामरेखा धाम के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने इन स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विकास तथा भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत समग्र विकास की आवश्यकता पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि इन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास केवल पर्यटन को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. साथ ही छोटे व्यवसायों, स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प को नई पहचान मिलेगी तथा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर सम्मान प्राप्त होगा.
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अर्जुन मुंडा द्वारा उठाए गए प्रस्तावों पर मंत्रालय की योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत राज्य की अस्मिता का आधार है. इसके संरक्षण और समुचित विकास की जिम्मेदारी सभी की है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़ी रह सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Sachindra Dash
शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










