मजदूरों ने प्रति वेगन 8000 रुपये मजदूरी की मांग की

झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के मजदूरों ने साहिबगंज में समाहरणालय के निकट पाँच सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष प्रीतम कुमार पीयूष व केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में न्यूनतम वेतन, बेहतर कार्य परिस्थितियों, नियुक्ति पत्र, 8 घंटे कार्य और ओवरटाइम पर दोगुनी मजदूरी की मांग की गई। रेलवे रैक लोडिंग में जेसीबी मशीन के उपयोग से मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित होने का आरोप लगाया गया। मजदूरों ने प्रति वेगन 8000 रुपये मजदूरी निर्धारित करने की भी मांग की। धरना के बाद मांग पत्र सौंपा गया और 11 अप्रैल को तालझारी प्रखंड कार्यालय के सामने नई बैठक का ऐलान किया गया। मजदूरों ने श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन करने की भी चेतावनी दी।
मजदूर संघ ने पांच सूत्री मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन संवाददाता, साहिबगंज. झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के बैनर तले मजदूरों ने सोमवार को समाहरणालय के निकट अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष प्रीतम कुमार पीयूष के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव मुख्य रूप से मौजूद थे. मजदूरों ने नारे लगाते हुए न्यूनतम वेतन और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग की. राजकुमार यादव ने आरोप लगाया कि मार्च माह से रेलवे रैक लोडिंग कार्य में जेसीबी मशीन का उपयोग किया जा रहा है, जिससे मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट उत्पन्न हो गया है. वर्तमान में मजदूरों को प्रति रैक 4100 रुपये मिलते हैं, लेकिन कार्यस्थल पर 5 फीट गड्ढा होने से काम और कठिन हो गया है. पहले एक बॉक्स लोड करने में 5 मजदूर लगते थे, अब 10 मजदूरों की जरूरत पड़ रही है. इस स्थिति को देखते हुए मजदूरों ने प्रति वेगन 8000 रुपये मजदूरी निर्धारित करने की मांग की है. धरना के बाद मजदूरों ने एसी गौतम भगत और श्रम अधीक्षक को मांग पत्र सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. संघ ने 11 अप्रैल को तालझारी प्रखंड कार्यालय के सामने धरना देने की घोषणा की है. पूर्व जिला अध्यक्ष ब्राह्मदेव यादव ने कहा कि श्रम कानूनों का पालन अनिवार्य है और मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मजदूरों की पांच सूत्री मांगों में न्यूनतम वेतन की गारंटी, नियुक्ति पत्र की उपलब्धता, 8 घंटे कार्य अवधि, ओवरटाइम पर दोगुनी मजदूरी और रसोई गैस की आपूर्ति शामिल है. प्रदर्शन में फूल कुमारी, मिथुन कुमार यादव, बास्की यादव, भोला यादव, बिजली मंडल, छोटू मंडल, रंजीत चौधरी, राकेश उरांव सहित दर्जनों मजदूर मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




