ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर टोटो चालकों से लाखों की ठगी
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 20 May 2026 9:29 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
40-45 चालकों से बीपीएस ग्रुप कंपनी के नाम से ली गयी राशि
पतना. बरहरवा शहर व आसपास के क्षेत्रों में चलने वाले करीब 40-45 टोटो चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत वर्ष जिला प्रशासन ने सभी टोटो चालकों को वाहनों का निबंधन व ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का निर्देश दिया था. इसी का लाभ उठाकर पतना हटिया के पास मयूरझूठी स्थित किराये के मकान में बीपीएस ग्रुप कंपनी के नाम से कार्यालय चला रहे ललन कुमार साह नामक युवक ने टोटो चालकों को ‘घर बैठे लाइसेंस’ बनाने का झांसा दिया और हर चालक से 7,500 रुपये वसूल लिये. पीड़ित टोटो चालकों ने बताया कि वे दिन भर टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बड़ी मुश्किल से 500, 1000 व 1500 रुपये की किश्तों में पैसे की व्यवस्था कर उन्होंने लाइसेंस के लिए राशि ललन कुमार के पास जमा की थी. पर आरोपी राशि लेकर फरार हो गया. चालकों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाता है. वैध ड्राइविंग लाइसेंस न होने के कारण उन्हें पुलिस को देखकर छिपना पड़ता है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है. टोटो चालक मानिक दास ने बताया कि धरमपुर मयूरझूठी निवासी टोटो चालक सनातन दास ने भी 7,500 रुपये जमा किये थे. इसके बाद वह बीमार हो गया. लाइसेंस नहीं बनने पर जब उसने पैसे वापस मांगे तो ललन कुमार ने उसे केवल लर्नर लाइसेंस की प्रति थमा दी. कहा कि आवेदन हो गया है, कुछ दिन में स्थायी लाइसेंस बन जायेगा. अफसोस की बात है कि कुछ दिन पहले बीमारी के कारण सनातन दास की मौत हो गयी. जांच में सामने आया कि सनातन दास के नाम से जारी लर्नर लाइसेंस संख्या JH18/0003548/2025, दिनांक 29-07-2025 में स्पष्ट रूप से शुल्क मात्र 750 रुपये अंकित है. यह लाइसेंस केवल 31 जुलाई 2025 से 30 जनवरी 2026 तक वैध है. इससे स्पष्ट है कि आरोपी द्वारा प्रति चालक 6,750 रुपये अधिक वसूले गये हैं. इस प्रकार 40-45 चालकों से कुल लगभग तीन लाख रुपये की ठगी की गयी है. इधर, मामले में बरहेट निवासी ललन कुमार साह से पक्ष जानने के लिये उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने टालमटोल जवाब दिया और कहा कि कुछ ही दिनों में सभी का लाइसेंस बन जायेगा. चालकों का कहना है कि जब भी वे ललन को फोन कर लाइसेंस की बात करते हैं तो उनके द्वारा सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, पैसा दिये लगभग एक साल हो गया है. इधर, पीड़ित टोटो चालकों ने प्रशासन से उन्हें उनका हक दिलाने व आरोपी ललन कुमार साह के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है. टोटो चालकों के पास कार्यालय के रजिस्टर की कॉपी होने का दावा फोटो- 00, टोटो चालकों द्वारा दिखाया गया कार्यालय से प्राप्त रजिस्टर की तस्वीर. पीड़ित टोटो चालक ने मोबाइल पर रजिस्टर का फोटो दिखाया. चालक का दावा है कि यह रजिस्टर आरोपी ललन कुमार साह के कार्यालय का है. इस रजिस्टर में 40-45 लोगों का नाम, मोबाइल नंबर दर्ज है साथ में 500, 1000, 1500, 2000, 3000 रुपये किस्तों में पैसे देने, फूल पेड लिखे होने का उल्लेख है. चालकों का आरोप है कि आरोपी ने उनसे किश्तों में 7,500 रुपये तक वसूले हैं. हालांकि, इस रजिस्टर की पुष्टि ‘प्रभात खबर’ नहीं करता है. क्या कहते हैं पदाधिकारी टोटो चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना बहुत ही आसान है. सही दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंचे और सरकारी शुल्क पर प्रक्रिया से लाइसेंस बनवा लें. लिखित शिकायत मिलने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. मिथिलेश चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










