साहिबगंज स्टेशन पर 9 लीटर विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार,
Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 23 May 2026 11:20 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
बिहार में खपाने की थी योजना
साहिबगंज रेलवे सुरक्षा बल एवं सीपीडीएस टीम मालदा द्वारा संयुक्त जांच अभियान के दौरान शनिवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर एक युवक को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार युवक के पास से कुल 9000 मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9,840 रुपये बताई गई है. सीपीडीएस टीम मालदा के एएसआइ बाबुल दास अपनी टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल काजी गुलाम किबरिया एवं अन्य स्टाफ के साथ ट्रेन संख्या 63405 अप आरपीएच-एसबीजी पैसेंजर में बरहरवा से साहिबगंज तक जांच अभियान चला रहे थे. साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर ट्रेन पहुंचने के बाद आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज के ड्यूटी पर तैनात एएसआई रबिन्द्र कुमार तिवारी के साथ मिलकर कोचों की सघन जांच की जा रही थी. इसी दौरान कोच संख्या ER-218199 में एक युवक को प्लास्टिक बैग छिपाते हुए देखा गया. संदेह होने पर टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की. युवक ने अपना नाम राकेश कुमार उर्फ कृष्णा कुमार (22 वर्ष), पिता कैलाश मंडल, निवासी सिंगेश्वर टोला, नवागढ़ी, थाना मुफस्सिल, जिला मुंगेर (बिहार) बताया. तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 4 बोतल मैजिक मूवमेंट रिक्स ऑरेंज (750 मि.ली.), 5 बोतल रॉयल ग्रीन व्हिस्की (750 मि.ली.) तथा 6 बोतल मैजिक मूवमेंट (375 मि.ली.) बरामद की गई. कुल शराब की मात्रा 9 लीटर पाई गयी. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब स्थानीय बाजार से खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से रखी थी. जब उससे शराब परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद एएसआइ बाबुल दास द्वारा शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज लाया गया. बाद में गिरफ्तार युवक एवं जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग साहिबगंज को सौंप दिया गया. उत्पाद विभाग साहिबगंज द्वारा झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कांड संख्या 65/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










