बरहरवा-हिरणपुर मार्ग पर पुल में हो रहा धंसान, हादसे का डर
Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 17 May 2026 11:28 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
करीब दो साल पहले बनी सड़क हुई जर्जर, कुछ दिन पूर्व बाइक सवार हो चुका है घायल
पतना. बिहार के भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु का हिस्सा कुछ दिन पूर्व टूट कर गिर गया था. गनीमत रही कि वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता. बरहरवा से हिरणपुर जानेवाली मुख्य मार्ग पर शिवापहाड़ और मोहब्बतपुर के बीच खोखरो टोला के पास स्थित पुल का किनारा लगातार धंसकर नीचे जा रहा है. सड़क में इतनी चौड़ी दरारें आ गयी हैं कि सफेद पट्टी भी टूट कर अलग हो गयी है. पुल के नीचे से मिट्टी खिसक गयी है. सड़क का हिस्सा लटक रहा है. सड़क और पुल के बीच गड्ढा जैसा बन गया है. ग्रामीणों ने अपनी तरफ से पुल के बगल में छोटी-सी लकड़ी में लाल झंडा लगा दिया है. इससे दुर्घटना को रोका नहीं जा सकता. कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. यह बरहरवा-हिरणपुर मुख्य मार्ग है. प्रतिदिन रांची, देवघर, धनबाद, टाटा, बोकारो, दुमका, हजारीबाग के लिए कई यात्री बसें इसी मार्ग से गुजरती हैं. इसके अलावा प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन भी इसी सड़क से आवागमन करते हैं. दिन में तो लोग दूर से दरार और गड्ढा देखकर संभल जाते हैं, पर रात के अंधेरे में कुछ समझ में नहीं आता है. पिछले कुछ दिनों से लगातार पुल का धंसान बढ़ रहा है. इस मार्ग पर गुजरने वाले सभी बाइक चालक वहां बाइक रोककर चिंतित हो जाते हैं कि अगर अचानक पुल धंस गया और कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसके जिम्मेदार कौन होंगे. प्रशासन, संवेदक या कोई और? ग्रामीणों ने तुरंत बैरिकेडिंग कर युद्धस्तर पर मरम्मत की मांग की है. दो वर्ष पूर्व बनी सड़क जर्जर, ग्रामीणों में आक्रोश ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से पतना चौक से हिरणपुर तक सड़क पथ निर्माण विभाग से बनकर तैयार हुई थी, लेकिन निर्माण के कुछ महीने के बाद ही सड़क जर्जर होने लगा. ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि को इसकी शिकायत की है. पतना पोस्ट ऑफिस, केंदुआ सत्संग मंदिर मोड़, खोखरा टोला, दुर्गापुर, बिरगांव, दुलमी समेत कई जगह पर सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है. कुछ जगह ऊपर से डस्ट भरकर हल्का पीच कर दिया गया. पर उसकी भी स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रही है. मार्ग पर कई जगह पुल के पास मिट्टी धंस चुका है. स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले बाइक चालक इसी धंसी हुई जगह पर दुर्घटना का शिकार हो चुका है. इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. प्रशासन अब दुर्घटना का इंतजार कर रहा है. कार्य में लापरवाही पर विभाग सख्त, संवेदक का भुगतान रोका : इइ पथ निर्माण विभाग ने संवेदक की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए भुगतान पर रोक लगा दी है. यह सड़क विभाग द्वारा जारी टेंडर के तहत बनी थी. कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि कार्य में गंभीर लापरवाही बरते जाने के कारण संवेदक का भुगतान रोका गया है. पुल की तत्काल मरम्मत के लिए विभागीय टीम रवाना कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










