मूलभूत सुविधाओं के साथ पर्यटन की दृष्टिकोण से होगा शहर का विकास

साहिबगंज (फाइल फोटो)
राजमहल नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष संभाला पदभार, विकास के एजेंडें पर हुई चर्चा
राजमहल. नगर निकाय चुनाव के समापन के बाद शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण कर राजमहल नगर पंचायत कार्यालय में नगर पंचायत प्रशासक दानिश हुसैन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सभी नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन व स्वागत किया. नगर की सरकार का बागडोर संभालते ही नपं अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख व नपं उपाध्यक्ष मो मारूफ उर्फ गुड्डू कार्यालय पहुंचे. प्रभात खबर की टीम से खास बातचीत करते हुए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से कहा कि राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र ऐतिहासिक शहर है. इसलिए विकास की मापदंड भी ऐसी तय की जा रही है कि शहर के विकास के क्षेत्र में भी राजमहल ऐतिहासिक शहर स्थापित हो. सड़क, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली, मार्केट जैसी सुविधाओं से शहरवासियों को लाभान्वित करने के लिए नगर पंचायत बोर्ड निरंतर प्रयासरत रहेगी. इसके अलावा सरकार के माध्यम से आमजन के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी नियमित, सरल नियमावली के तहत लाभान्वित करने का कार्य व योजनाओं को क्रियान्वयन करने का कार्य किया जायेगा. कहा कि विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा व सांसद विजय कुमार हांसदा के मार्गदर्शन में झारखंड सरकार नगर विकास विभाग से बजट लाकर नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जायेगा. नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षदों की अनुशंसा के माध्यम से उनके वार्ड क्षेत्र का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. राजमहल शहर में विभिन्न राज्य व विदेशी पर्यटकों का आगमन होता है. इसके अलावा यहां राजकीय माघी पूर्णिमा मेला व आदिवासी महाकुंभ भी लगता है. उत्तरवाहिनी गंगा नदी में स्नान के लिए सालों भर श्रद्धालुओं का आगमन होता है. ट्रेन के माध्यम से राजमहल आकर जल मार्ग से पश्चिम बंगाल जानेवाले यात्री एवं पश्चिम बंगाल से वापस आकर झारखंड के विभिन्न हिस्से एवं बिहार सहित अन्य राज्यों जाने वाले यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था जैसे विषय पर भी योजना बनाकर कार्य किया जायेगा. प्रश्न : राजमहल नगर पंचायत में पेयजल आपूर्ति की क्या है योजना. अध्यक्ष : वार्ड संख्या 1 से 14 तक सार्वजनिक नल एवं घर-घर नल के माध्यम से पेयजल आपूर्ति करना है. उपाध्यक्ष : लंबित पेयजल आपूर्ति योजना को क्रियान्वयन करने पर पहल एवं जिस वार्ड में पेयजल की किल्लत रहेगी वहां गर्मी के मौसम में वैकल्पिक व्यवस्था करना. प्रश्न : नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई को दुरुस्त करने की तैयारी है. अध्यक्ष : सभी वार्ड क्षेत्र में घर-घर कचरा उठाव के लिए नियमित वाहन जाये. इसपर फोकस रहेगी. उपाध्यक्ष : सभी वार्ड के वैसे गली जो छोटी है. वैसी जगह में कचरा का ठेला गाड़ी जाये और घर-घर कचरा उठाये. प्रश्न : राजमहल की जनता के लिए क्या संदेश. अध्यक्ष : जनता ने जो जनादेश पांच वर्षों के लिए दिया है, उस पर खरा उतरूंगा. जनता नपं के टैक्स का समय पर भुगतान करे. उपाध्यक्ष : नगर पंचायत के विकास कार्यों में राजस्व का अहम भूमिका है. इसलिए शहरवासी अपने विभिन्न टैक्सों का समय पर भुगतान करें. जनादेश देने के लिए आमजन व सभी वार्ड पार्षद को आभार. प्रश्न : शहर के विकास का क्या है रोड मैप. अध्यक्ष : शहर की मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन के आसार देखते हुए गंगा तटवर्ती इलाकों को भी सौंदर्यीकरण किया जायेगा. उपाध्यक्ष : नगर पंचायत बोर्ड के माध्यम से प्रस्ताव लेकर शहर के सर्वांगीण विकास में मूलभूत सुविधाओं के अलावे पर्यटन की दृष्टिकोण से भी योजनाएं बनायी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




